बरेली। मध्यांचल विद्युत वितरण निगम जोन टू के मुख्य अभियंता के चालक को सोमवार रात स्टेशन रोड पर दोस्तों के साथ सरकारी कार में पुलिस ने शराब पीते हुए पकड़ा।
बरेली जोन टू के मुख्य अभियंता राघवेंद्र सिंह का चालक रोनी जैंस सरकारी कार लेकर सोमवार रात अपने दोस्तों के साथ स्टेशन रोड गया था। वह और उसके दोस्त कार में शराब पीने के साथ हुडदंग कर रहे थे। इसी दौरान कोतवाली पुलिस ने चेकिंग के दौरान कार के चालक और उसके दोस्तों को हिरासत में ले लिया। तीन दोस्तों के साथ वह रातभर कोतवाली में रहा। सुबह होने पर बिजली निगम के अधिकारियों को इस बारे में पता लगा तो उन्होंने पुलिस अधिकारियों से बात की।
इंस्पेक्टर कोतवाली अमित पांडेय ने बताया कि मुख्य अभियंता की कार का चालक दोस्तों के साथ कार में था। जिसके बाद कार को कब्जे में लेकर चालक को भी हिरासत में लिया था। मंगलवार की सुबह जांच के बाद कार को छोड़ दिया गया। संवाद
चालक अक्सर रात में बिना बताए कार ले जाता था। सोमवार रात स्टेशन रोड पर कुछ दोस्तों के साथ वह कार में शराब पी रहा था। पुलिस ने उसे हिरासत में ले लिया। बाद में हिदायत देकर छोड़ दिया गया है। जिस फर्म की कार थी वह उस फर्म को वापस कर दी गई है। - राघवेंद्र सिंह, मुख्य अभियंता जोन टू