बरेली। भ्रष्टाचार के आरोपों से घिरे नगर निगम के निर्माण विभाग के एक्सईएन दिलीप कुमार शुक्ला के खिलाफ अब शासन की ओर से जांच बैठा दी गई है। उन पर उच्चाधिकारियों के आदेशों की अवहेलना करने, जनप्रतिनिधियों से उचित व्यवहार न करने समेत विकास कार्याें में लापरवाही के आरोप लगे हैं। शासन की ओर से नगर निकाय निदेशालय की टेक्निकल सेल के मुख्य अभियंता कमलजीत को जांच अधिकारी नामित किया गया है।
प्रमुख सचिव अमृत अभिजात की ओर से जारी आदेश के मुताबिक नगर आयुक्त निधि गुप्ता वत्स की ओर से 26 जुलाई को भेजे गए पत्र में एक्सईएन दिलीप कुमार शुक्ला पर विकास कार्यों में लापरवाही, दायित्वों एवं कर्तव्यों के प्रति उदासीनता के आरोप लगाए गए हैं। उनके खिलाफ सेवा नियमावली 1966 के नियम-37 व नियमावली 1999 के नियम-7 के तहत कार्रवाई और जांच के आदेश हुए हैं। जांच अधिकारी से सात दिनों में रिपोर्ट मांगी है। बता दें कि शुक्रवार रात को उन्हें बरेली से हटाकर लखनऊ निदेशालय से अटैच कर दिया गया था। संवाद