गांव अदलाबाद में चिकन पॉक्स से पीड़ित 30 वर्षीय सुभाष चंद्र गुप्ता की शुक्रवार को मौत हो गई थी, जबकि चार लोग अब भी इस रोग से पीड़ित हैं। रविवार को ग्रामीणों ने मामले की शिकायत सीएमओ डॉ. मनोज अग्रवाल से फोन पर की। सीएमओ के आदेश पर सीएचसी प्रभारी अपनी टीम के साथ गांव पहुंचे और पीड़ितों को दवा बांटी। साथ ही साफ- सफाई रखने की सलाह दी।
गांव अदलाबाद निवासी 30 वर्षीय सुभाष गुप्ता को करीब एक सप्ताह पहले शरीर में सफेद दाने निकल आए थे। साथ ही उन्हें बुखार महसूस हुआ था, जिस पर वह सीएचसी गए, जहां उन्हें डॉक्टर ने बताया कि वह चिकन पाक्स से पीड़ित हैं। घर और आसपास साफ सफाई रखें। दवा लेकर वह घर लौट आए। भाई हुकुमचंद ने बताया कि सोमवार से ही उसकी हालत खराब होने लगी। लेकिन हल्का फायदा होने पर सोचा कि शुक्रवार तक देख लें। नहीं फायदा हुआ तो लखीमपुर दिखएंगे। शुक्रवार की शाम उनकी हालत बिगड़ गई। जब तक उन्हें अस्पताल ले जाते घर में ही दम तोड़ दिया। परिवार वालों ने अगले दिन उनका अंतिम संस्कार कर दिया।
गांव के लोगों के कहने पर रविवार को हुकुमचंद ने सीएमओ के सरकारी नंबर पर बात की और मामले की जानकारी दी, जिस पर डॉक्टरों की टीम गांव पहुंची। सीएचसी प्रभारी डॉ. अरुण कुमार मिश्र ने बताया कि मृतक के भाई 37 वर्षीय हुकुमचंद, 10 वर्षीय आदित्य, 26 वर्षीय अमित और 25 वर्षीय पूर्णानंद भी चिकन पॉक्स से पीड़ित हैं। सभी को दवाइयां दी गई हैं। सभी की हालत सामान्य है।
परिवार वालों ने पोस्टमार्टम नहीं कराया, इसलिए सुभाष चंद की मौत की असली वजह बता पाना संभव नहीं है। जब वह सीएचसी में आया था चिकन पॉक्स से पीड़ित था। दवा दी गई थी, लेकिन फिर वह नहीं आया।
-डॉ. अरुण कुमार मिश्र, प्रभारी अधीक्षक-सीएचसी, निघासन
संक्रमण अधिक बढ़ने से जा सकती है जान : सीएमओ
चिकन पॉक्स वायरस से होता है। यदि इसका संक्रमण अधिक बढ़ जाए तो जान भी जा सकती है। सामान्य तौर पर चिकन पॉक्स से मौत नहीं होती है लेकिन संक्रमण किसी भी हद तक बढ़ सकता है जो घातक हो सकता है।
- डॉ. मनोज अग्रवाल, सीएमओ