रामनगर/गुलड़िया। सिरौली पुलिस ने वाहन चेकिंग के दौरान बिशनपुरी चौराहे पर एक कार से सिंथेटिक दूध बनाने का केमिकल पकड़ा है। यह केमिकल आंवला से शाहबाद ले जाया जा रहा था। केमिकल का सैंपल जांच को भेजा गया है।
बृहस्पतिवार की रात को सिरौली की पुलिस चौकी बिशनपुरी बगिया चौराहे पर पुलिस चेकिंग कर रही थी। इस दौरान आंवला की तरफ से शाहबाद की ओर जा रही कार को पुलिस ने चेकिंग के लिए रोका। कार में एक कैन रखी हुई थी। चेकिंग के दौरान पुलिस ने कैन खुलवा कर देखी तो उसमें अजीब सी दुर्गंध आ रही थी। पुलिस ने उसके बारे में पूछा तो कार चालक उसके संबंध में बताने के बजाय पुलिस को गुमराह करने लगा। जानकारी करने पर पता चला कि यह दूध में मिलने वाला सिंथेटिक दूध बनाने वाला केमिकल है। बाद में चालक शाहबाद निवासी इकरार ने भी इस बात की पुष्टि कर दी कि वह सिंथेटिक दूध बनाने वाला ग्लूकोज माल्टोज केमिकल है। इसके बाद पुलिस ने फूड इंस्पेक्टर को बुलाकर उक्त केमिकल की जांच के लिए सैंपल भिजवाया है।
चालक शाहाबाद रामपुर का रहने वाला है। वह इस केमिकल को ले जाकर शाहबाद (रामपुर) में दूधियों को बेचता है। यहां बताते कि सिंथेटिक दूध का कारोबार हरदासपुर, बरसेर, रामनगर, गुलड़िया, शिवपुरी, मउ ,राजपुरकलां आदि गांवों में बड़े स्तर पर चल रहा है। खाद्य विभाग इस मामले से जानकर भी अंजान रहता है।
पकड़ा गया केमिकल ग्लूकोज-आल्टोज है। इसे दूध से संबंधित वस्तुओं में मिलाया जाता है। सैंपल ले कर जांच को भेज दिया है।
- सुशील सचान, फूड इंस्पेक्टर बरेली।
जो केमिकल पकड़ा गया है , उसकी रिपोर्ट भेज दी गई है। जांच रिपोर्ट आ जाने के बाद कार्रवाई की जाएगी।
- प्रयागराज सिंह, थाना अध्यक्ष सिरौली
आंवला। वाल्व जो फट गया था-संवाद