बरेली। ठगों ने नापतोल ऑनलाइन शॉपिंग कंपनी के नाम से स्क्रेच कार्ड भेजकर बिहारीपुर के एक व्यक्ति से करीब चार लाख रुपये ठग लिए। पीड़ित की पत्नी ने कोर्ट के आदेश पर कंपनी के पदाधिकारियों समेत पांच के खिलाफ कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज कराई है।
बिहारीपुर की गली मालियान में रहने वाली शिल्पा ने नापतोल ऑनलाइन शॉपिंग प्राइवेट लिमिटेड, न्यू एलिपोटो ब्लॉक कोलकाता के वित्त प्रबंधक विकास कपूर, शाखा प्रबंधक ऋषि कुमार, सहायक प्रबंधक रोहित कुमार और दो अज्ञात के खिलाफ कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज कराई है। आरोप है कि पिछले साल 18 फरवरी को उनके घर विकास कपूर की ओर से रजिस्टर्ड डाक से एक पत्र पहुंचा। उनके पति श्याम कुमार ने पत्र खोला तो उसमें एक स्क्रेच कार्ड मिला। जिसे कंपनी की दसवीं वर्षगांठ पर लकी ड्रॉ के जरिये उन्हें देने की बात कही गई थी। कार्ड को स्क्रेच करने पर उसमें 9.30 लाख रुपये जीतने की बात और एक कोड लिखा था। बताए गए नंबर पर उन्होंने फोन किया और उसके बताए अनुसार फार्म भरकर व्हाट्सएप पर भेज दिया।
अगले दिन इंटरनेट काल के जरिये बात हुई और आरोपियों ने नाम बताए बिना रुपये ट्रांसफर करने के लिए जीत की धनराशि का एक प्रतिशत यानी 9300 रुपये ऋषि कुमार एवं रोहित के खाते में जमा कराए लिए। इसके बाद जीएसटी, यूपीजीएसटी, ट्रांजेक्शन चार्ज, इंटरसिटी चार्ज आदि के नाम पर 22600, 38600, 67200, 93000, 1.32 लाख और 40500 रुपये जमा करा लिए। फिर 24 फरवरी 2020 को आरोपियों ने 24 प्रतिशत धनराशि और जमा करने को कहा। उन्होंने रुपये न होने की बात कहकर जमा की गई धनराशि वापस मांगी तो आरोपियों ने धमकी दी। शिल्पा के मुताबिक आरोपियों ने उनके चार लाख तीन सौ रुपये धोखाधड़ी करके ठग लिए। उन्होंने एसएसपी कार्यालय और कोतवाली में शिकायत की लेकिन कार्रवाई नहीं हुई तो कोर्ट में शिकायत की। कोर्ट के आदेश पर शनिवार को आरोपियों के खिलाफ कोतवाली पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
इनाम तो नहीं मिला, जेवर भी गिरवीं पड़े
रिपोर्ट में शिल्पा ने लिखाया है कि आरोपियों ने 9.30 लाख रुपये जीतने का झांसा देकर उनसे ठगी कर ली। उनके पास रुपये नहीं थे तो पति ने बैंक से गोल्ड लोन लेकर आरोपियों को रुपये दिए। इसके चलते उन्हें जीत के रुपये भी नहीं मिले और जेवर भी गिरवीं पड़ गए।