बरेली के चौपुला पुल से वाहनों का आवागमन 12 मई की रात से 45 दिनों के लिए बंद कर दिया जाएगा। इस दौरान पुल की मरम्मत कराई जाएगी। लोगों को आवागमन का विकल्प मुहैया कराने के लिए यातायात पुलिस की ओर से 10 मई को रूट चार्ट जारी किया जाएगा। एनएचएआई की ओर से पुल की मरम्मत के लिए दो माह से समय मांगा जा रहा था।
सिटी स्टेशन रोड की मरम्मत के चलते इसकी अनुमति नहीं दी जा रही थी। सिटी स्टेशन रोड खोले जाने के बाद अब यातायात पुलिस ने एनएचएआई को काम कराने की सहमति दे दी है। डेड़ दशक पहले बना पुल मरम्मत के अभाव में जर्जर हो गया है। इसके 30 एक्सपेंशन ज्वॉइंट की मरम्मत कराई जानी है। इनके बीच चार-पांच इंच तक का गैप होने से पुल से गुजरने वाले वाहनों को तेज झटका लगता है। 800 मीटर लंबे पुल की मरम्मत के लिए एनएचएआई बदायूं डिवीजन को शासन से 1.30 करोड़ रुपये मिले हैं। माहभर पहले पुल के ऊपरी हिस्से की मरम्मत करा दी गई थी। अब ज्वॉइंट की मरम्मत कराई जाएगी। कार्यदायी संस्था का दावा है कि 13 मई को मरम्मत कार्य शुरू कर दिया जाएगा।
45 दिन तक बंद रहेगा पुल
एसपी ट्रैफिक मोहम्मद अकमल खां ने बताया कि चौपुला पुल की मरम्मत के लिए 12 मई की रात से आवागमन बंद कर दिया जाएगा। यह अगले 45 दिन तक बंद रहेगा। इसके लिए अलग से रूट चार्ट जारी किया जाएगा। एनएचएआई बदायूं डिवीजन के परियोजना निदेशक उत्कर्ष शुक्ला ने बताया कि चौपुला पुल की मरम्मत के लिए प्रशासन से अनुमति मांगी गई है। 13 मई से ही काम शुरू करा दिवा जाएगा। 45 दिन में काम पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है।