बरेली। अटल सेतु और चौपुला पुल को जोड़ने की कवायद आखिरकार पूरी हुई। निरीक्षण के लिए पहुंचे महापौर ने शुक्रवार को इसका लोकार्पण कर दिया। अब वाहन अटल सेतु से सीधे बदायूं रोड की ओर जा सकेंगे। उनको पुल के नीचे लगने वाले जाम से भी निजात मिल गई है। अधिकारियों के मुताबिक इस पुल से करीब दो लाख लोगों की राह आसान होगी।
वर्ष 2021 से दोनों पुलों को आपस में जोड़ने की कवायद शुरू हुई थी। पीली कोठी इसमें बाधक बनी तो मामला अटक गया। इसके बाद पुलिस लाइन परिसर में पिलर खड़े करने की कवायद शुरू हुई तो पुलिस विभाग के अफसरों ने आपत्ति कर दी। समन्वय के बाद काम शुरू हो सका। इस पूरी कवायद में साढ़े तीन साल लग गए।
शुक्रवार को निरीक्षण के लिए पहुंचे महापौर उमेश गौतम ने देखा कि सिर्फ व्यू कटर लगना ही बाकी है। पुल पर लाइटें भी लग चुकी हैं। यह देखकर उन्होंने तुरंत ही क्रेन बुलाई। पुल की शुरुआत में रखे पत्थरों को हटवाकर उसका लोकार्पण कर दिया। अब पुल पर वाहन रफ्तार भरने लगे हैं।
74 करोड़ रुपये पहुंची लागत
अटल सेतु का निर्माण 59 करोड़ रुपये से हुआ था। इसके बाद चौपुला पुल से जोड़ने और इसे वाई शेप देने के लिए एस्टीमेट में संशोधन किया गया। इस वजह से 15 करोड़ रुपये लागत बढ़ गई। अब पुल की कुल लागत 74 करोड़ रुपये पहुंच गई है।