बरेली। चौपुला पर निर्माणाधीन ओवरब्रिज के पास सेतु निगम ने पूरी सर्विस रोड नहीं बनाई है। जो आधी-अधूरी सड़क बनाई भी गई, वह भी बारिश में उधड़ गई है। इससे न केवल लोगों की दुश्वारियां बढ़ गई हैं, बल्कि हादसे भी होने लगे हैं। आधी से ज्यादा रोड पर निर्माण सामग्री रखी होने से वाहनों के निकलने के लिए जगह भी नहीं बची है।
सेतु निगम ने चौपुला पर ओवरब्रिज बनाने के लिए एक साथ तीनों ओर किला, चौकी चौराहा और अयूब खां चौराहा की ओर सड़क की खुदाई कर दी है। इससे यहां यातायात अवरुद्ध हो गया है। डीएम नितीश कुमार ने सेतु निगम के अधिकारियों की पिछले दिनों सर्विस रोड न बनाने पर फटकार लगाई थी। इसके बाद किला-चौपुला पर एक तरफ सर्विस रोड का आधा-अधूरा काम कराया गया। बारिश से यह सर्विस रोड लगातार खराब होती जा रही है। अधूरी सड़क पर कीचड़ होने और पानी भरने से दिक्कतें बढ़ गई हैं। जो सर्विस रोड बनाई भी गई थी, वह भी उधड़ कर गड्ढों में तब्दील हो चुकी है।
चौराहे पर बैरिकेडिंग होने से वाहनों के मुड़ने में दिक्कत
- ओवरब्रिज का निर्माण चलने से चौपुला चौराहे पर बैरिकेडिंग लगा दी गई है। इससे किला से अयूब खां चौराहे की ओर जाने के लिए ट्रैफिक को आगे किला रोड की ओर से टर्न लेकर आना पड़ रहा है। यहां मोड़ पर ओवरब्रिज बनाने के लिए निर्माण सामग्री भी रखी हुई है। इससे वाहनों को मुड़ने में दिक्कत हो रही है। इसी तरह किला से सुभाषनगर की ओर जाने के लिए ट्रैफिक को पुलिस लाइंस की ओर से टर्न होना पड़ रहा है।
बारिश और ओवरब्रिज का निर्माण होने से सर्विस रोड क्षतिग्रस्त हो जाती है। समय-समय पर इसकी मरम्मत भी कराई जा रही है। - देवेंद्र सिंह, सीपीएम, सेतु निगम