रामपुर से आए झूला संचालक आरिफ ने बताया कि इस बार मेले में अच्छा कारोबार हुआ है और बच्चों को ट्रेन वाला झूला विशेष रूप से पसंद आ रहा है। वहीं, मुरादाबाद से सिलबट्टे बेचने आए अरुण ने बताया कि पिछली बार की तुलना में इस बार अच्छी बिक्री हुई है। दुकान की जगह बदलने के बावजूद ग्राहक नए स्थान तक पहुंचे। उन्हें बुधवार को ही मुरादाबाद लौटना था, लेकिन मेले में आ रही भीड़ को देखते हुए उन्होंने वापसी टाल दी है और अब मेला संपन्न होने के बाद ही लौटेंगे।
28 नवंबर तक चलेगा मेला
मेले में लगा नखासा बाजार भी रौनक से भरा रहा, जहां बुधवार को आठ घोड़ों की बिक्री हुई। पंजाब और राजस्थान से आए बाहरी व्यापारी अपने घोड़े बेचने के बाद अब लौटने लगे हैं, जबकि आसपास के क्षेत्रों के पशुपालक और व्यापारी मेला खत्म होने तक यहीं रुके हुए हैं। मंगलवार को एक घोड़ा 1.73 लाख रुपये में बिका था। यह कीमत मेले में इस बार सबसे अधिक रही। मेला कमेटी के सदस्य प्रदीप पांडे ने बताया कि मेला 28 नवंबर तक चलेगा। अभी लोग मेला देखने पहुंच रहे हैं।