बरेली। रामगंगा तट पर सजा चौबारी मेला शबाब पर पहुंचने लगा है। कार्तिक पूर्णिमा पर आस्था की डुबकी लगाने के लिए श्रद्धालुओं के पहुंचने का सिलसिला जारी है।
बृहस्पतिवार को सुबह से ही लोग परिवार के साथ मेला परिसर में पहुंचने लगे थे। मीना बाजार में जहां महिलाओं की भीड़ लगी रही, वहीं अन्य दुकानों पर भी लोग खरीदारी करते नजर आए। ज्यादातर लोगों ने घरों को सजाने के लिए सामान खरीदे। वहीं, महिलाएं रसोई से संबंधित लकड़ी के सामान खरीदती नजर आईं। पत्थर के सिल और बट्टे भी खूब बिके। लोगों ने फास्ट फूड, चाट व पकौड़ों की स्टाल पर पहुंचकर उनका स्वाद लिया। बच्चों ने खिलौने खरीदे। झूलों आदि का आनंद लिया।
देर रात तक श्रद्धालुओं के मेला परिसर में पहुंचने का क्रम जारी रहा। शाम को लोगों ने लघु नाटिका और कवि सम्मेलन का लुत्फ उठाया। मेला प्रबंधक जयवीर सिंह ने बताया कि गंगा स्नान मध्य रात्रि के बाद से ही शुरू हो गया है। शुक्रवार सुबह मुख्य स्नान होगा। नखासे में शाम चार बजे घोड़ों की रेस होगी और विजेताओं को पुरस्कृत भी किया जाएगा।
आज आस्था की डुबकी लगाएंगे श्रद्धालुकार्तिक पूर्णिमा पर शुक्रवार को श्रद्धालु आस्था की डुबकी लगाएंगे। इस दिन स्नान-दान के साथ भगवान विष्णु और शिव की पूजा का विशेष महत्व है। इसी दिन भगवान शिव ने त्रिपुरासुर नामक राक्षस का अंत किया था। ज्योतिषाचार्य कृष्ण के. शर्मा के अनुसार इस बार कार्तिक पूर्णिमा पर गजकेसरी, बुधादित्य और शश राजयोग बन रहे हैं। इसी दिन शनि अपनी राशि कुंभ में मार्गी होंगे। इन सभी सुयोगों में किया जाने वाला दान सौ गुना फल देगा। इस दिन सत्यनारायण भगवान की पूजा करने से ग्रहदशा अनुकूल होती है और आर्थिक स्थिति मजबूत होती है।
पूजन का शुभ मुहूर्त
15 नवंबर को सुबह 6:19 बजे से 16 को पूर्वाह्न 2:58 बजे तक कार्तिक पूर्णिमा रहेगी। इस दिन स्नान-दान का शुभ मुहूर्त पूर्वाह्न 4:58 से 5:51 बजे तक रहेगा। भगवान सत्यनारायण की पूजा का समय सुबह 6:44 से 10:45 बजे तक रहेगा। संवाद