स्मार्ट सिटी के तहत बनाए जा रहे चार्जिंग स्टेशन का आरएम ने किया निरीक्षण
बरेली। शहर में इलेक्ट्रिक बसें चलाने की तैयारी तेज हो गई है। कमिश्नर के निर्देश पर शुक्रवार को रोडवेज के क्षेत्रीय प्रबंधक ने स्वालेनगर में बनाए जा रहे चार्जिग स्टेशन क ा निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने जल्द से जल्द कार्य पूरा करने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान कार्यदायी संस्था की ओर से 15 सितंबर तक कार्य पूरा करने की बात कही गई।
गौरतलब है स्मार्ट सिटी के तहत शहर में इलेक्ट्रिक बसों का संचालन किया जाना है। इसके लिए परिवहन विभाग की ओर से रूट तय करने का साथ स्टॉपेज तय करने का काम भी किया जा चुका है। इलेक्ट्रिक बसों के लिए चार्जिंग स्टेशन का निर्माण नगर निगम को करना है। स्मार्ट सिटी के तहत स्वालेनगर में निर्माण शुरू कराया जा चुका है। बिल्डिंग निर्माण कार्य 90 प्रतिशत तक हो गया है। अगले महीने से चार्जिग प्वाइंट लगाने का काम किया जाएगा। कमिश्नर के निर्देश के बाद शुक्रवार दोपहर एक बजे क्षेत्रीय प्रबंधक स्वालेनगर पहुुंचे। निर्माणदायी संस्था के अधिकारियों ने बताया अगस्त मध्य से बिल्डिंग में चार्जिंग प्वाइंट लगाने का काम शुरू करके 15 सितंबर तक काम पूरा कर लिया जाएगा। इस अवधि तक रोडवेज को बसें भी मिल जाएंगी। ट्रायल के बदा नवंबर से संचालन शुरू करा दिया जाएगा। शहर में स्वालेनगर से एयरपोर्ट, स्वालेनगर से रेलवे स्टेशन और स्वालेनगर चार्जिग स्टेशन से डेलापीर होते हुए वापस चार्जिग स्टेशन तक बसें संचालित की जाएंगी।
न्यूनतम पांच रुपये होगा किराया
रोडवेज की ओर से रूट तय करने के बाद इलेक्ट्रिक बसों का किराया लखनऊ की तर्ज पर तय करने की कवायद शुरू की गई है। इलेक्ट्रिक बसों का न्यूनतम किराया पांच रुपये रखा जाएगा। दूरी के हिसाब से अधिकतम किराया तय किया जाएगा। एक महीने के अंदर इलेक्ट्रिक बसों का किराया तय करने की प्रक्रिया पूरी कर ली जाएगी।
‘नवंबर से शहर में इलेक्ट्रिक बसों का संचालन शुरू करने का लक्ष्य है। इसके तहत शुक्रवार को चार्जिंग सेंटर के निर्माण का जायजा लिया गया। 15 सितंबर तक निर्माण कार्य पूरा कर लिया जाएगा।’ - आरके त्रिपाठी, क्षेत्रीय प्रबंधक रोडवेज