बरेली। बारादरी पुलिस ने होटल में छेड़खानी करने के मामले में सोबती बिल्डर्स के मालिक चरनपाल सिंह उर्फ बब्बू, उसके पुत्र दिव्यजोत सोबती पर शिकंजा कस दिया है। सोबती कॉन्टिनेंटल होटल में महिला से छेड़खानी के मामले में इनके खिलाफ पुलिस ने आरोपपत्र दाखिल किया है। होटल के मैनेजर मनु बख्शी और उप मैनेजर शशि खन्ना भी आरोपी बनाए गए हैं। अक्तूबर में इज्जतनगर के एक गांव निवासी ने बारादरी थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई कि चरनपाल उर्फ बब्बू ने उन्हें फोन कर ग्रीनपार्क स्थित सोबती कॉन्टिनेंटल होटल बुलाया।
वह अपने माता-पिता के साथ होटल में स्थित चरनपाल के दफ्तर पहुंचा। वहां चरनपाल और उसके पुत्र दिव्यजोत ने देखते ही देखते उनकी पिटाई शुरू कर दी। विरोध करने पर उनके माता-पिता को भी पीटा गया।
आरोपी चरनपाल और दिव्यजोत ने मिलकर मां के कपड़े फाड़ दिए और दोबारा दिखने पर जान से मारने की धमकी दी थी। घायल युवक ने बारादरी थाने में चरनपाल उर्फ बब्बू, दिव्यजोत और चार अज्ञात लोगों पर रिपोर्ट दर्ज कराई थी।
पुलिस ने विवेचना के दौरान साक्ष्य संकलन की कार्रवाई की। थाना प्रभारी धनंजय पांडेय ने बताया कि पीड़ितों के बयान और मेडिकल रिपोर्ट के आधार पर सोबती होटल के मैनेजर मनु बख्शी और डिप्टी मैनेजर शशि खन्ना के नाम भी विवेचना में खोले गए।
सभी आरोपियों के खिलाफ छेड़खानी, मारपीट, जान से मारने की धमकी देने के आरोप में चार्जशीट लगाई गई। सात वर्ष से कम सजा होने के कारण आरोपियों को नोटिस तामील करवाकर थाने से छोड़ दिया गया। ब्यूरो