नेपाल की दो महिलाएं और रामपुर का तस्कर गिरफ्तार, एक महिला भाग गई
बरेली। मादक पदार्थों के तस्कर पुलिस से बचने के लिए नए-नए तरीके अपनाते रहते हैं। एंबुलेंस से चरस की तस्करी इसका ताजा उदाहरण है। नेपाल से बरेली के रास्ते एंबुलेंस से 16 किलो चरस लेकर जा रहे तस्करों को एसटीएफ ने गिरफ्तार कर लिया। इनमें दो नेपाली महिलाएं और रामपुर का एक युवक शामिल है। एक महिला एसटीएफ का घेरा तोड़कर भाग गई।
मुखबिर की सूचना पर सोमवार दोपहर एसटीएफ बरेली इकाई के इंस्पेक्टर अजयपाल सिंह ने टीम के साथ संजयनगर तिराहे पर छापा मारा। यहां एक एंबुलेंस की तलाशी ली गई तो उसमें से 16 किलो चरस बरामद हुई। एसटीएफ ने मौके से नेपाल के केलाली जिले के भजनी थाना क्षेत्र के सुक्का गांव की रूपा और विशना के साथ ही रामपुर कोतवाली के कुंडा क्षेत्र के फिरोज खान को गिरफ्तार कर लिया। इन लोगों को डोहरा रोड पर मेडिकल कॉलेज के पास ऋतु चौधरी नाम की महिला को चरस की डिलीवरी देनी थी। इन लोगों को लेकर टीम जब ऋतु की तलाश में डोहरा रोड पहुंची तो खतरा भांपकर ऋतु भाग गई। पकड़े गए युवक और दोनों महिलाओं के खिलाफ बारादरी थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई गई गई। ऋतु को फरार दिखाया गया है।