बरेली। चेन स्नेचर ने मां-बेटी की स्कूटी रोककर सोने की चेन लूट ली और बाइक पर बैठकर भागने लगा। मां-बेटी ने भी हिम्मत दिखाई और स्कूटी से लुटेरे की बाइक में टक्कर मार दी। टक्कर से लुटेरा बाइक से गिर गया। लुटेरे को किला थाना पुलिस के हवाले कर रिपोर्ट कराई है।गुलाबनगर निवासी सीमा रस्तोगी अपनी बेटी कोमल के साथ बुधवार को दूसरी बेटी के घर जा रही थीं। नवदुर्गा मंदिर के पास पीछे से आए बाइक सवार ने स्कूटी रुकवाई और सोने की चेन लूट ली। बाइक सवार भागने लगा तो सीमा और कोमल ने स्कूटी से उसकी बाइक में टक्कर मार दी। टक्कर से बाइक सवार जमीन पर गिर गया। पीछे आ रहे सीमा के बेटे मोहित ने लुटेरे को पकड़ लिया। लुटेरे ने अपना नाम इज्जतनगर सैदपुर हाकिंस निवासी जाकिर बताया। किला थाने में जाकिर और उसकी बिना नंबर की बाइक सौंप दी गई। ब्यूरो
सिलाई सेंटर जा रही युवती को घर में खींचा, ब्लेड मारे
बरेली। सिलाई सेंटर जा रही युवती को युवक ने घर में खींचने की कोशिश की। विरोध करने पर ब्लेड से हमला कर दिया। बारादरी थाने में एसएसपी के आदेश पर रिपोर्ट दर्ज की गई है। क्षेत्र के निवासी शख्स ने बताया कि उनकी बेटी सिलाई सेंटर जा रही थी तभी घर के सामने रहने वाले सोहेल ने घर में खींचने की कोशिश की। बेटी के विरोध करने पर सोहेल ने उसके हाथों में ब्लेड मार दिए। परिवारवालों ने बेटी को बचाया। थाने में शिकायत की लेकिन पुलिस ने मेडिकल परीक्षण के लिए भी नहीं भेजा। ब्यूरो
अस्पताल की महिला कर्मचारी से दुष्कर्म की कोशिश
बरेली। सुभाषनगर क्षेत्र में निजी अस्पताल की महिला कर्मचारी के साथ दुष्कर्म करने की कोशिश की गई। महिला कर्मचारी ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ सुभाषनगर थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है। इलाके में रहने वाली महिला ने बताया कि वह अस्पताल में काम करती है। आठ अगस्त को रात नौ बजे ड्यूटी से घर लौट रही थी। सपन होटल वाली गली में अज्ञात व्यक्ति ने उनका पीछा किया और सुनसान जगह पर बाल पकड़कर जमीन पर गिरा दिया। वह दुष्कर्म की कोशिश करने लगा। शोर मचाया तो धमकी देकर भाग गया। ब्यूरो