बरेली के थाना इज्जतनगर क्षेत्र के कलापुर निवासी 50 वर्षीय छोटेलाल की सड़क हादसे में मौत हो गई। शुक्रवार को पोस्टमॉर्टम हाउस पर छोटेलाल के बेटे राजीव ने बताया कि उनके पिता शाम को थैला लेकर कहीं जा रहे थे, तभी एक तेज रफ्तार क्रेन ने उन्हें टक्कर मार दी। हादसे में छोटेलाल की मौके पर ही मौत हो गई।
घटना की सूचना पर पुलिस पहुंची और शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया। हादसे के बाद मौके से भाग रहे क्रेन चालक को लोगों ने पकड़ लिया। उसे पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस ने उसे हिरासत में लिया है। छोटेलाल की मौत से उनके परिवार में कोहराम मचा है। परिवार की आजीविका के लिए छोटेलाल सड़क किनारे चाट का ठेला लगाते थे।