बहन की शादी में बदायूं के गांव जा रही थी महिला
बरेली। हादसों के लिए चर्चित लाल फाटक पर शुक्रवार शाम एक बेकाबू ट्रक ने पीछे से दो बाइकों को टक्कर मारी जिससे एक गर्भवती महिला की मौत हो गई। दो अन्य लोग घायल हो गए। हादसे के बाद ड्राइवर फरार हो गया तो पुलिस ने ट्रक को कब्जे में ले लिया।
हादसा शुक्रवार शाम लाल फाटक पर सीमेंट गोदाम के पास हुआ। दोनों पुल पार करके सीमेंट भरा ट्रक इधर से बदायूं दिशा में जा रहा था। तभी आगे जा रही दो बाइक को टक्कर मार दी। इनमें से एक पर बिथरी के किशनपुर गांव निवासी मनोज अपनी पत्नी 34 वर्षीय पत्नी कमलेश व दो बच्चों के साथ थे। कमलेश अपनी बहन की शादी में शामिल होने बदायूं के ठिरिया गांव बाइक से जा रही थीं। जोरदार टक्कर से वह बाइक समेत एक ओर गिर पड़ीं जबकि पति व बच्चे दूसरी ओर गिरे। हादसे में कमलेश की मौके पर ही मौत हो गई।
दूसरी बाइक पर चौबारी गांव निवासी 30 वर्षीय रंधावा सिंह थे। रंधावा एक विद्यालय की प्रधानाचार्य के ड्राइवर हैं और उन्हें बरेली आवास पर छोड़कर बाइक से अपने घर लौट रहे थे। रंधावा के पैर में कई जगह फ्रेक्चर हो गया। मनोज व बच्चों को मामूली चोटें आईं। बराबर से प्रवीण कुमार स्कूटी से जा रहे थे। हादसे के दौरान अनियंत्रित बाइक की साइड लगी तो वह भी घायल हो गए। ड्राइवर भाग गया तो पुलिस ने ट्रक को बभिया चौकी पर खड़ा कर लिया। स्थानीय लोग महिला को गर्भवती बता रहे थे। उसके दोनों बच्चे निजी अस्पताल में भर्ती बताए जा रहे थे। हालांकि इंस्पेक्टर कैंट राजीव सिंह का कहना था कि वह ठीक हैं और पति के पास सुरक्षित हैं।
लाल फाटक पर जाम लगाने की कोशिश
लाल फाटक पर अतिक्रमण की वजह से कई हादसे होते रहे हैं। पहले यहां लगभग हर महीने दो से तीन लोगों की मौत होती थी। साइडलेन दुरुस्त होने के बाद हाल सुधरा तो अतिक्रमण की वजह से वाहनों को निकलने का रास्ता नहीं बचता। शुक्रवार का हादसा भी सीमेंट गोदाम के बाहर खड़े ट्रकों के अतिक्रमण की वजह से माना जा रहा है। हादसे में घायल चौबारी निवासी ड्राइवर के परिचित लोगों को सूचना मिली तो वह मौके पर आ गए। लोगों ने जाम लगाने की कोशिश की। हालांकि पुलिस ने समझाकर जाम खुलवा दिया।