मौजमस्ती के बीच गुजरा नए साल का पहला दिन, पुलिस भी रही मुस्तैद
बरेली। 31 दिसंबर की देर रात तक नववर्ष का जश्न मनाने के बाद बुधवार को शहरवासियों ने इष्टदेव की आराधना के साथ दिन का आगाज किया। शहर के सभी प्रमुख धार्मिक स्थलों पर श्रद्धालुओं की खासी भीड़ रही। सोशल साइट्स समेत लोगों ने एक-दूसरे से मुलाकात कर नववर्ष की बधाइयां दीं। पहले दिन शहर में कोई हंगामा न हो इसके लिए पुलिस का भी संवेदनशील जगहों पर पहरा रहा।
देर रात तक नए वर्ष 2020 का स्वागत करने के बाद अपनी पहली सुबह का आगाज लोगों ने कुछ संकल्पों से साथ किया। संकल्प को अटूट बनाने के लिए लोगों ने मंदिरों का रुख किया। धोपा, कालीबाड़ी, वनखंडीनाथ, त्रिवटीनाथ, अलखनाथ में श्रद्धालुओं ने अपने इष्टदेव को नमन कर नई उम्मीदों के साथ दिन की शुरुआत की। इसके बाद युवा अपने परिवार और दोस्तों के साथ आउटिंग पर निकले। लिहाजा पार्कों में पिकनिक स्पॉट सा नजारा रहा। शहर के प्रसाद, कमल, नटराज टाकीज और फीनिक्स मॉल के सभी शो हाउसफुल रहे। क्राइस्ट मैथोडिस्ट चर्च में क्रिसमस पर हुई खेल प्रतियोगिता के विजेताओं को पुरस्कार बांटे गए। वहीं श्रद्धालुओं ने भी प्रभु यीशु का आशीष भी लिया।
गांधी उद्यान बना पिकनिक स्पॉट
बुधवार को साल के पहले दिन खिली धूप से खुशनुमा हुए माहौल का लुत्फ लेने के लिए लोगों ने पार्कों को पिकनिक स्पॉट बना लिया। परिवार और दोस्तों के साथ पहुंचकर जमकर मौज मस्ती की। छेड़खानी की आशंका के चलते महिला पुलिसकर्मी भी गांधी उद्यान में गश्त कर रही थीं। गांधी उद्यान के बाहर गाड़ियों की लंबी लाइन लगने से दोपहर करीब दो बजे जाम भी लगा रहा।
सुरूर और स्वाद का जमकर लिया लुत्फ
मंगलवार के दिन नववर्ष की पूर्वसंध्या होने की वजह से कई लोगों के सुरूर और स्वाद पर पहरा लगा हुआ था। लिहाजा दबी ख्वाहिशें बुधवार को पूरी करने के लिए लोगों ने होटल और बार का रुख किया। बुधवार को शहर के ज्यादातर होटलों में जमकर भीड़ उमड़ी। कॉकटेल की पार्टियां भी हुईं और कबाब का भी दौर भी जारी रहा।
ऑनलाइन हाउसफुल थे सिनेमाघर
ऑनलाइन टिकट बुकिंग होने से फीनिक्स मॉल पहुंचे युवाओं को मायूस होना पड़ा। सुरक्षा प्रबंधक असीम कक्कड़ ने बताया कि बुधवार को रोजाना से करीब चार गुना ज्यादा लोग पहुंचे थे। भीड़ बढ़ने की संभावना के चलते अतिरिक्त सुरक्षाकर्मी बुलाए गए थे। कहा, सभी शो हाउसफुल रहे। ज्यादातर टिकटों की ऑनलाइन बुकिंग होने से कई लोगों ने मायूस होकर अन्य सिनेमाघरों का रुख किया। मस्ती का यह दौर दिन भर जारी रहा।
फूलों की भी हुई जमकर खरीदारी
नए वर्ष की बधाई लोगों ने गुलाब के फूलों से दी, जिसकी तैयारी फूल विक्रेताओं ने पहले ही कर रखी थी। बटलर प्लाजा, डीडीपुरम, राजेंद्रनगर आदि इलाकों में फूलों की दुकानों पर सर्वाधिक बिक्री गुलाब और गुलाब के बुकें की रही, जिसकी वजह से गुलाब के फूलों की कमी होने पर सुबह 15 से 25 रुपये तक बिक रहे गुलाब की एक कली दोपहर बाद 50 रुपये त बिक गई। इस दौरान कई लोगों की फूल बेचने वालों से नोंकझोंक भी हुई।