नागरिकता अधिनियम समर्थक मंच की बैठक में लिया गया फैसला
बरेली। नागरिकता संशोधन कानून के समर्थन में पांच जनवरी को बरेली कॉलेज में होने वाली रैली स्थगित कर दी गई है। रैली की अगली तिथि बाद में घोषित की जाएगी। मंगलवार को कांति कपूर सरस्वती बालिका विद्या मंदिर में हुई नागरिकता अधिनियम समर्थक मंच की बैठक में विश्व हिंदू परिषद के पवन कुमार अरोड़ा ने यह जानकारी दी। विहिप के संगठन मंत्री रमाशंकर कौशिक ने कहा कि नागरिकता कानून भारत के पड़ोसी देशों पाकिस्तान, बांग्लादेश और अफगानिस्तान के अल्पसंख्यकों के लिए उम्मीद की किरण लेकर आया है, लेकिन कुछ राजनीतिक दल स्वार्थवश इसका विरोध कर जनता को बरगला रहे हैं। ऐसे में नागरिकता अधिनियम समर्थक मंच घर-घर जाकर लोगों को कानून के प्रति जागरूक करेगा। इस मौके पर डॉ. भूपेंद्र सिंह, पुष्पेंद्र शर्मा, एसपीएस चौहान आदि मौजूद रहे।