कोविड अस्पतालों में इलाज में लापरवाही की लगातार मिल रहीं शिकायतें
बरेली। कोरोना संक्रमितों के इलाज में लापरवाही की लगातार मिल रही शिकायतों पर अब कार्रवाई की तैयारी है। सीडीओ ने सीएमओ को पत्र भेजकर तीन सौ बेड अस्पताल समेत सभी कोविड अस्पतालों में मरीजों के इलाज की निगरानी के लिए सीसीटीवी फुटेज कंट्रोल सेंटर बनाने के निर्देश दिए हैं। वहीं, सीएमओ ने एक संक्रमित की मौत के मामले में कोविड एल-2 अस्पताल के प्रिंसिपल से जवाब तलब किया है।
अस्पताल को जारी नोटिस के मुताबिक, करगैना के रहने वाले एक व्यक्ति को कोरोना संक्रमित पाए जाने पर भोजीपुरा कोविड अस्पताल में गंभीर हालत में भर्ती कराया गया था, लेकिन इलाज किए बगैर ही उसे डिस्चार्ज कर दिया गया। आंवला सांसद धर्मेंद्र कश्यप ने बताया कि बाद में उसे तीन सौ बेड के अस्पताल भेजा गया। जहां से गंभीर हालत को देखते हुए दिल्ली हाईवे स्थित कोविड एल-2 अस्पताल भेज दिया गया, लेकिन आधे घंटे बाद ही उसकी मौत हो गई। प्रथम दृष्टया मामले में घोर लापरवाही प्रतीत होने पर संक्रमित के भर्ती होने से डिस्चार्ज करने तक की पूरी मेडिकल रिपोर्ट के साथ स्पष्टीकरण मांगा गया है। साथ ही, आईएमए को निजी अस्पतालों में भर्ती मरीज या स्वास्थ्यकर्मी के संक्रमित मिलने पर अस्पताल को सैनिटाइज नहीं कराने की जानकारी पर कार्रवाई की चेतावनी दी गई है।
कोविड अस्पतालों में भर्ती मरीजों के इलाज के दौरान की सीसीटीवी लाइव फुटेज संभाल कर रखने और फुटेज कोविड कंट्रोल एवं कमांड सेंटर को उपलब्ध कराने के निर्देश सीएमओ को दिए गए हैं। - चंद्रमोहन गर्ग, सीडीओ
अब दो और एमएमयू करेंगी सैंपलिंग
बरेली। कोरोना संक्रमितों की जल्द से जल्द ट्रेस करने का एक ही विकल्प है सैंपलिंग। ऐसे में बीते दिनों निरीक्षण पर आए नोडल अफसर नवनीत सहगल ने सैंपलिंग बढ़ाने के लिए एमएमयू देने का प्रस्ताव शासन के समक्ष रखा था। गुरुवार को शासन ने दो मेडिकल मोबाइल यूनिट और मुहैया करा दी है। सीएमओ डॉ. विनीत शुक्ल ने एमएमयू प्रभारी अभिषेक त्यागी और अन्य अफसरों के साथ एमएमयू को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। ब्यूरो
आज स्वास्थ्य मंत्री करेंगे कोविड की समीक्षा
बरेली। परिवार कल्याण, मातृ एवं शिशु कल्याण, चिकित्सा एवं स्वास्थ्य राज्य मंत्री अतुल गर्ग शुक्रवार को कोविड की समीक्षा बैठक करेंगे। गुरुवार देर रात वह बरेली पहुंच गए हैं। जारी कार्यक्रम के अनुसार स्वास्थ्य मंत्री कलक्ट्रेट कोविड कंट्रोल रूम का सुबह सवा आठ बजे निरीक्षण करेंगे। इसके बाद वह साढ़े आठ बजे से अफसरों के साथ कोविड संबंधी समीक्षा बैठक करेंगे। साढ़े नौ बजे रामपुर के लिए रवाना हो जाएंगे। ब्यूरो