बरेली में जनसुनवाई में लापरवाही और पीड़िता की शिकायत पर कार्रवाई न करना सीबीगंज थाना पुलिस को भारी पड़ गया। सिर में गंभीर चोट होने के बावजूद पीड़िता की शिकायत पर रिपोर्ट दर्ज न करने के मामले में एसएसपी अनुराग आर्य ने सीबीगंज थानाध्यक्ष समेत तीन दरोगाओं को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है।
पुलिस कार्यालय से दिए गए निर्देश, फिर भी दर्ज नहीं की रिपोर्ट
जानकारी के मुताबिक, सीबीगंज थाना क्षेत्र की एक पीड़िता ने 27 अक्तूबर को थाने पहुंचकर शिकायत की थी, लेकिन पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की। इसके बाद 29 अक्तूबर को पुलिस कार्यालय से निर्देश दिए जाने के बावजूद पीड़िता के सिर में गंभीर चोट होने पर भी एफआईआर दर्ज नहीं की गई।
विभागीय जांच के आदेश
मामले में जनसुनवाई के प्रति लापरवाही और पदीय दायित्वों का निर्वहन न करने की बात सामने आने पर एसएसपी ने कार्रवाई की। निलंबित होने वालों में सीबीगंज थानाध्यक्ष विनोद सिंह, वरिष्ठ उप निरीक्षक जितेंद्र कुमार और उप निरीक्षक अश्वनी शर्मा शामिल हैं। एसएसपी अनुराग आर्य ने तीनों के खिलाफ विभागीय जांच के निर्देश दिए हैं।