30 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से पास की गईं फास्ट और सुपरफास्ट गाड़ियां
बरेली। पितांबरपुर-बिलपुर के बीच रेल पटरी और फिस प्लेट में तकनीकी खामी के कारण 30 किमी प्रति घंटे का कॉशन लगाया गया है। इस वजह से फास्ट, सुपरफास्ट समेत सभी ट्रेनों की रफ्तार प्रभावित हुई। मंगलवार को कुनाल प्रताप सिंह नाम के व्यक्ति ने पितांबरपुर स्टेशन के पास फिस प्लेट ढीली देखकर इस संबंध में शिकायत दर्ज कराई। वहां पेट्रोलिंग तेज कर दी गई है।
कई ट्रेनों ने मंगलवार को भी यात्रियों को इंतजार कराया। 04601 पटना-फिरोजपुर, 03312 चंडीगढ़-धनबाद, 04023 वाराणसी-दिल्ली विशेष ट्रेनें, 13010 दून एक्सप्रेस, 15910 अवध असम एक्सप्रेस, 13308 गंगा सतलुज एक्सप्रेस, 13020 बाघ एक्सप्रेस, 13009 दून एक्सप्रेस, 15128 काशी विश्वनाथ एक्सप्रेस ने यात्रियों को तीन घंटे तक इंतजार कराया।
पिलखुआ स्टेशन पर रोकी गई सुहेलदेव सुपरफास्ट
22420 सुहेलदेव सुपरफास्ट को पिलखुआ स्टेशन पर 20 मिनट तक रोका गया। यह ट्रेन 45 मिनट की देरी से बरेली आई। ट्रेन को रास्ते में रोकने का कारण अधिकारियों ने रेल लाइन पर ट्रेनों का ज्यादा दबाव होना बताया है।
सात घंटे की देरी से चलाई गई राप्ती गंगा एक्सप्रेस
15006 राप्ती गंगा एक्सप्रेस को मंगलवार को देहरादून से बिना पूर्व सूचना के तीन घंटे देरी से चलाया गया। इस ट्रेन के बरेली आने का समय रात 8:50 बजे है, लेकिन मंगलवार को यह ट्रेन चार घंटे की देरी से बरेली आई। कई यात्रियों ने शिकायत भी दर्ज कराई। संवाद