बाहरी तस्करों पर गोकशी का शक
गो तस्करों के खिलाफ पुलिस ताबड़तोड़ कार्रवाई कर रही है। एसएसपी अखिलेश चौरसिया ने शनिवार को ही गोकशी रोकने में लापरवाही के तौर पर बिथरी चैनपुर थाने के प्रभारी प्रदीप कुमार व रिठौरा चौकी प्रभारी सचिन शर्मा को निलंबित कर दिया था। बावजूद गोकशी के मामलों में कोई कमी नहीं आ रही, बल्कि लगातार इजाफा हो रहा है।
ऐसे में अंदेशा जताया जा रहा है कि बाहर के पशु तस्कर शहर व आसपास इलाकों में संरक्षित पशु लाकर कटान कर रहे हैं। सुनसान इलाकों के खेतों और जंगलों में गोकशी की घटनाएं हो रही हैं। माना जा रहा है कि बाहरी जिलों के तस्कर भी इधर आकर गोकशी कर रहे हैं और मांस लेकर भागते वक्त अवशेष मौके पर छोड़ जा रहे हैं। यही कारण है की पुलिस की सख्ती के बाद भी गोकशी नहीं रुक रही है।
आसपास के तस्करों की धरपकड़ तेज
घटनाक्रम के बाद एसपी सिटी व एएसपी ने करीब चार घंटे बिथरी थाने में गुजारे। इस दौरान थाने में तहरीर लेकर पहुंचे हिंदू संगठन के पदाधिकारियों से बंद कमरे में पूछताछ कर गोकशी करने वाले लोगों के बारे में जानकारी ली। पता लगा कि शहर व कस्बों से निकलकर सुनसान इलाकों में पुलिस का नेटवर्क कमजोर है और वहां रात की गश्त भी कम रहती है।
एसपी सिटी ने थाना पुलिस को निर्देश दिए कि ऐसे स्थानों पर गो तस्करी रोकने के लिए पुलिस को स्थानीय किसानों का भरोसा जीतकर उनसे समन्वय स्थापित करना होगा। उनकी सटीक सूचना पर त्वरित कार्रवाई करके ही पशु तस्करों के नेटवर्क को ध्वस्त किया जा सकता है। अधिकारियों के साथ पुलिस ने खेतिहर इलाके में कांबिंग की और आसपास इलाके के तस्करों की धरपकड़ को टीमें लगा दी गईं।
एसपी सिटी राहुल भाटी ने बताया कि इस घटना में पशु अवशेष कहीं से लाकर फेंके गए हैं। पता लगाया जा रहा है कि किन लोगों ने यह कृत्य किया है। उनके नाम मुकदमे में खोले जाएंगे। पुलिस किसानों व पशुपालकों के साथ है और पशु तस्करों के खिलाफ गैंगस्टर व संपत्ति जब्त करने जैसी कार्रवाई भी प्राथमिकता से की जा रही हैं।