बरेली। बरेली क्लब में मंगलवार को आयोजित सीएम की जनसभा में शामिल शिक्षकों ने कैशलेस चिकित्सा और बीमा सुरक्षा की व्यवस्था पर खुशी जाहिर की। शिक्षकों का कहना है कि बीमारी के दौरान इलाज कराना मुश्किल हो जाता था। ऐसे में कैशलेस चिकित्सा सुविधा से उन्हें और उनके परिवारों को राहत मिलने की उम्मीद है।
शिक्षक बोले- लंबित समस्याओं का भी हो निस्तारण
मुख्यमंत्री की घोषणाओं से शिक्षक समाज में उम्मीद जगी है। शिक्षकों की लंबित समस्याओं का भी समयबद्ध समाधान होना चाहिए। - शरद पाल सिंह
शिक्षक काफी समय से सुविधाओं की मांग कर रहे हैं। पुरानी पेंशन और सेवा संबंधी समस्याओं पर भी सरकार को निर्णय लेना चाहिए। - ओमप्रकाश राय
स्ववित्तपोषित संस्थानों के शिक्षकों को बीमारी के दौरान इलाज कराने में आर्थिक परेशानी होती थी। कैशलेस चिकित्सा से राहत मिलेगी। - जोगिंद्र सिंह
कम वेतन में गंभीर बीमारी का इलाज कराना आसान नहीं। कैशलेस चिकित्सा सुविधा से शिक्षकों और उनके परिवारों को राहत मिलेगी। - नीरज शर्मा
स्ववित्तपोषित विद्यालयों में कार्यरत शिक्षकों के बीमार होने पर इलाज कराना चुनौती बन जाता था। अब उनको काफी सहूलियत मिलेगी। - अखिल सक्सेना
चिकित्सा सुविधा और बीमा सुरक्षा से शिक्षकों में उम्मीद जगी है। सीबीएसई विद्यालयों के शिक्षकों को भी योजना का लाभ मिलना चाहिए। - मनु कुमार