नवाबगंज। मोहल्ला आदर्शनगर में एक कोरियर कंपनी के ऑफिस से चोर ने दो लाख रुपये की नकदी चोरी कर ली। घटना सीसीटीवी में रिकॉर्ड हुई है। पीड़ित ने पुलिस को तहरीर दी है। फुटेज के जरिये पुलिस चोर की तलाश कर रही है।
कोरियर कंपनी के मोहम्मद शारिक ने बताया कि वह रिछोला किफायतुल्ला में रहते हैं। रविवार रात ऑफिस बंद करने के बाद सभी कर्मचारी अपने-अपने घर चले गए थे। रात में दीवार के सहारे चोर ऑफिस में घुस आया। इसके बाद गेट का ताला तोड़कर ऑफिस में रखी मेज की दराज से दो लाख रुपये चोरी कर लिए।
सुबह जब वह ऑफिस पहुंचे तो ताला टूटा हुआ मिला। अंदर जाने पर देखा तो नकदी गायब थी। तुरंत ही उन्होंने घटना की जानकारी दी। कुछ समय बाद ही पुलिस मौके पर पहुंच गई। जांच के दौरान पुलिस ने सीसीटीवी कैमरे की रिकॉर्डिंग देखी। रिकॉर्डिंग में एक चोर अंदर आता दिख रहा है। अंदर घुसने के बाद उसने बिजली आपूर्ति बंद कर दी। पुलिस ने अब तक रिपोर्ट दर्ज नहीं की है। सीसीटीवी रिकॉर्डिंग के आधार पर आरोपी की तलाश करने का दावा पुलिस कर रही है। कोतवाल श्रवण कुमार ने जल्द खुलासा करने की बात कही है।