बहेड़ी। सितारगंज हाईवे पर सिरसा चौकी के पास बाइक से टकराने के बाद ई-रिक्शा सड़क पर पलट गया। हादसे में दो वर्ष के बच्चे की मौत हो गई। ई-रिक्शा चालक और उसकी पत्नी घायल हो गई। घायलों को उपचार के लिए रुद्रपुर भेजा गया है। बाइक को कब्जे में लेकर पुलिस ने बाइक सवार की तलाश शुरू कर दी है।
जिले की सीमा पर बसे गांव इगरा निवासी नंदकिशोर ई-रिक्शा चलाते हैं। सोमवार को वह डायलिसिस कराने के लिए रुद्रपुर जा रहे थे। ई-रिक्शा में पत्नी सरस्वती और पुत्र लक्ष्य (4) और ईश्वर (2) भी बैठे हुए थे। सिरसा पुलिस चौकी के पास पीछे से आ रहे बाइक सवार ने ई-रिक्शा में टक्कर मार दी।
टक्कर लगने से ई-रिक्शा पलट गया। हादसे में ईश्वर की मौके पर ही मौत हो गई। नंदकिशोर और सरस्वती घायल हो गए। हादसे के बाद बाइक चालक फरार हो गया। सूचना पर किच्छा व बहेड़ी की सिरसा चौकी की पुलिस मौके पर पहुंची। दोनों घायलों को रुद्रपुर भेजा गया। बच्चे के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।
बाइक पर टंगे थैले में मिली अवैध शराब
सिरसा चौकी प्रभारी कुशलपाल सिंह ने बताया कि बाइक पर टंगे थैले में अवैध शराब के पाउच मिले। आशंका है कि बाइक सवार तस्करी के लिए अवैध शराब ले जा रहा था। हड़बड़ी में चलाने की वजह से बाइक अनियंत्रित होकर ई-रिक्शा से भिड़ गई। आरोपी की तलाश की जा रही है।