सभी बैंक प्रबंधकों को सात मार्च को एटीएम फुल कराने के निर्देश
बरेली। आठ से दस मार्च तक तीन दिन होली का अवकाश रहेगा। सात मार्च से ही बैंक का स्टाफ दोपहर से ही घर जाने की तैयारी करने लगेगा। इसलिए छह मार्च को ही बैंकों में महत्वपूर्ण काम होेंगे। बैंकों के लगातार तीन दिन बंद रहने से होली के दिन ज्यादातर एटीएम में कैश खत्म होने की संभावना है। हालांकि लीड बैंक मैनेजर ने होली की छुट्टी से पूर्व सभी बैंक प्रबंधकों को एटीएम में कैश फुल करने के निर्देश दे दिए हैं।
बैंकों में आठ मार्च से छुट्टियां शुरू हो जाएंगी। आठ मार्च को रविवार है और नौ व दस मार्च को होली की छुट्टी है। इससे पहले सात फरवरी को बैंकों में काफी आपाधापी रहेगी। बाहर शहरों में रहने वाला स्टाफ सात मार्च को दोपहर से ही घर जाने की तैयारी करने लगेगा। इस दिन करीब 20 प्रतिशत स्टाफ छुट्टी पर होगा। ऐसे में बैंकों के छह फरवरी को ही जरूरी काम निपटाने होंगे। इस समय आम दिनों के मुकाबले बैंकों में जमा-निकासी बढ़ गई है। होली पर कारोबार बढ़ने से व्यापारियों का लेनदेन में भी काफी इजाफा हो गया है। हालांकि सबसे ज्यादा दिक्कत पर्व पर एटीएम से कैश निकालने को लेकर हो सकती है। तीन दिन की छुट्टी से पहले सात मार्च को सभी एटीएम में कैश भरा जाएगा। दस मार्च को ज्यादातर एटीएम के कैशलेस होने की आशंका है। हालांकि बैंक अफसरों का कहना है कि स्टाफ को शनिवार को एटीएम फुल करने के निर्देश दे दिए गए हैं।
होली की छुट्टी के दौरान एटीएम में कैश की दिक्कत न हो, इसके लिए शाखा प्रबंधकों को सात मार्च को ही एटीएम में पर्याप्त कैश भरने के निर्देश दे दिए गए हैं।
-ओपी बढेरा, लीड बैंक मैनेजर