बरेली। रबर फैक्टरी विलंबित भुगतान संघर्ष कोर कमेटी ने बृहस्पतिवार को रामपुर गार्डन में बैठक की। इसमें एसएंडसी कर्मचारी यूनियन के महामंत्री अशोक कुमार मिश्र ने बताया कि आज (बृहस्पतिवार) को फास्ट ट्रैक कोर्ट में फैक्टरी की जमीन के संबंध में आदेश होना था, लेकिन कमजोर पैरवी और फास्ट ट्रैक कोर्ट रिक्त होने की वजह से फाइल दूसरे कोर्ट में ट्रांसफर हो गई और अगली तारीख 13 मार्च लगी है। जिला प्रशासन मामले को गंभीरता से नहीं ले रहा है, जबकि यह 27 साल से पीड़ित और शोषित मजदूरों से जुड़ा है।
कर्मियों ने फतेहगंज पश्चिमी में प्रस्तावित बीडीए की औद्योगिक टाउनशिप योजना में फैक्टरी की संपूर्ण 125 हेक्टेयर जमीन का अधिग्रहण करने की मांग की, ताकि मिलने वाले मुआवजे से उनके बकाये का भुगतान किया जा सके। प्रमोद कुमार, आरसी शर्मा व प्रदीप रस्तोगी ने कहा कि पूर्व में उन लोगों ने डीएम और मंडलायुक्त से गुहार लगाई थी, लेकिन कुछ नहीं हुआ। भुगतान के इंतजार में बीते 20 दिनों में तीन कर्मचारियों राजेंद्र प्रसाद, एसके गोयल और अजय वर्मा की मौत हो गई। एसएंडसी कर्मचारी यूनियन के नेता घनश्याम, राजीव पाठक, एसएन चौबे, एससी निगम, अजय भटनागर ने आंदोलन की चेतावनी दी।