बहेड़ी। शेखूपुर मोहल्ले में पुलिस ने ब्रांड के नाम का दुरुपयोग कर कपड़े बनाए जाने का भंडाफोड़ किया है। प्रसिद्ध विदेशी कंपनियों के नाम और लोगो का दुरुपयोग कर कपड़े बनाकर दूसरे राज्यों में बेचे जा रहे थे। पुलिस ने दो स्थानों पर छापा मारकर नकली टी-शर्ट, लोअर, लेबल, ब्रांडिंग सामग्री और सिलाई मशीनें बरामद की हैं। दो कारखाना संचालकों समेत तीन आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है।
क्षेत्र में विदेशी ब्रांडों के नकली कपड़े तैयार किए जाने की शिकायत पर पुलिस ने 15 अगस्त को संदिग्ध ठिकानों पर छापा मारा। इस दौरान वार्ड 24 स्थित कारखाने से अलग-अलग विदेशी ब्रांड की लोगो लगीं 1806नकली टी-शर्ट मिलीं। एक सिलाई मशीन भी बरामद की गई। इस कारखाने का संचालक मोहम्मद साजिद खान है।
वार्ड संख्या 25 स्थित इरशाद ट्रेडर्स से विभिन्न ब्रांड के 940 नकली कपड़े, 1,024 लेबल सहित अन्य ब्रांडिंग सामग्री बरामद की गई। यहां से भी एक सिलाई मशीन बरामद की गई। इसका संचालक शाने आलम है।
पुलिस ने मोहम्मद साजिद खान, शाने आलम और एक अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ ट्रेडमार्क अधिनियम, कॉपीराइट अधिनियम और भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं के तहत रिपोर्ट दर्ज की गई है। सीओ अरुण कुमार सिंह ने बताया कि प्रकरण की विवेचना उपनिरीक्षक तेजपाल सिंह को सौंपी गई है। आरोपियों को जल्द गिरफ्तार किया जाएगा।