गांधी उद्यान-चौकी चौराहा रोड पर हुआ हादसा, जिला अस्पताल में भर्ती कराया
बरेली। जरूरत के मुताबिक एहतियात के बगैर सीवर लाइन डालने के लिए की जा रही खोदाई से सड़कों के धंसने और फटने का सिलसिला तो शुरू से ही बना हुआ है, सोमवार को बड़ा हादसा भी होते-होते बच गया। गांधी उद्यान-चौकी चौराहा रोड पर सेंट्रल सीवर लाइन के लिए खोदाई के दौरान फटी पानी की पाइप लाइन देखने गड्ढे में उतरा एक मजदूर मिट्टी की ढांग धंसने से अंदर ही दब गया। गनीमत रही कि पास ही ट्रैफिक ड्यूटी पर तैनात पुलिस वालों ने आनन-फानन में मिट्टी हटाकर उसे बाहर निकाल लिया। मजदूर को जिला अस्पताल भर्ती कराया गया है, जहां उसकी हालत में सुधार बताया गया है।
सेंट्रल सीवर लाइन डालने के लिए गांधी उद्यान से चौकी चौराहे के बीच सड़क पर खोदाई चल रही है। सोमवार दोपहर करीब 12 बजे खोदाई के दौरान जेसीबी से एक कॉम्प्लेक्स के सामने पानी की पाइप लाइन टूट गई। इस पर गाजियाबाद निवासी मजदूर समीउल्लाह उर्फ अब्दुल्ला को यह देखने के लिए गड्ढे में उतारा गया कि पानी की पाइप लाइन कहां और कितनी फटी है। समीउल्लाह जैसे ही गड्ढे में उतरा, मिट्टी की ढांग उसके ऊपर आ गिरी और वह उसके नीचे दब गया। चीखपुकार मचने के बाद कुछ ही दूर ड्यूटी कर रहे ट्रैफिक पुलिस के सिपाही और होमगार्ड गड्ढे में कूद पड़े। उन्होंने मिट्टी हटाकर समीउल्लाह को बाहर निकाला और फिर उसे जिला अस्पताल ले जाकर इमरजेंसी वार्ड में भर्ती कराया। डॉक्टरों के मुताबिक इलाज के बाद समीउल्लाह की हालत में सुधार हुआ है।
बेअंदाज खोदाई से लगातार धसक रही हैं सड़कें, सुरक्षा मानकों की भी परवाह नहीं
सीवर लाइन के लिए सड़कों पर खोदाई करते वक्त एहतियात न रखे जाने की वजह से सड़कों की हालत लगातार खराब हो रही है। कई जगह जहां खोदाई की गई है, उसके आसपास की सड़कें फटकर धंस गई हैं। कई डिवाइडर भी उखड़ चुके हैं, इसके अलावा स्ट्रीट लाइट के तमाम पोल और पेड़ भी ढह चुके हैं। अफसर हर बार ऐसी घटनाओं पर ठेकेदार को सख्त हिदायत देने की बात तो कहते हैं लेकिन फिर भी इन हादसों का सिलसिला लगातार बना हुआ है। गहरी खोदाई किए जाने के बावजूद सुरक्षा मानकों की भी लगातार अनदेखी की जा रही है। न मजदूरों को हेलमेट दिए गए हैं न दूसरे जरूरी सुरक्षा मानकों का ख्याल रखा जा रहा है। सोमवार को हुए हादसे के दौरान यह गनीमत रही कि जहां मजदूर गिरा, वहां खोदाई बहुत गहरी नहीं थी वरना बड़ा हादसा हो सकता था।
यातायात पुलिस को सराहा
मजदूर के गड्ढे में दबने के बाद उसे निकालने के फोटो यातायात पुलिस ने अपने ट्विटर हैंडल और फेसबुक पर शेयर किए। पुलिस मुख्यालय के साथ कई अधिकारियों के ट्विटर हैंडल पर भी इस घटना को शेयर करके जवानों को शाबासी दी गई है।
खोदाई के दौरान पानी की पाइपलाइन फ ट गई थी। इसी वजह से मिट्टी धंस गई और मजदूर दब गया। मजदूर को चोट नहीं आई है। ठेकेदार को काम के दौरान सावधानी बरतने के निर्देश दिए गए हैं। - संजय कुमार, एक्सईएन, जल निगम