बरेली। कुतुबखाना फ्लाईओवर के सर्वे का काम पूरे हो चुका है। बिजली, पानी और सीवर लाइनों को शिफ्ट करने से लेकर निर्माण तक की पूरी रूपरेखा बना ली गई है। निर्माण के बाद नीचे से बड़े वाहनों का प्रवेश पूरी तरह बंद रहेगा। इसके अलावा घंटाघर के पास कैरिज वे के निर्माण को हरी झंडी दी गई है।
सर्वे रिपोर्ट के अनुसार फ्लाईओवर के निर्माण के दौरान घंटाघर के पास कैरिज-वे का निर्माण किया जाएगा। इससे एंबुलेंस को ओवरटेक करने और जरूरत पड़ने पर वहां से मोड़ने में आसानी होगी। इसके अलावा सर्विस रोड के निर्माण में ड्राइलीन कंक्रीट का इस्तेमाल होगा। स्मार्ट सिटी के वरिष्ठ महाप्रबंधक भूपेश सिंह ने बताया कि कैरिज-वे एक लेन से अधिक लेकिन दो लेन से कम होता है। यह केवल मुड़ने की अनुमति देने के लिए बनाया जाता है। उन्हाेंने बताया कि इसके अलावा फ्लाईओवर के नीचे से भारी वाहनों को प्रवेश की अनुमति नहीं होगी। सीवर, पानी की लाइन शिफ्ट करने और बिजली लाइन शिफ्ट करने से लेकर किनारे नाला निर्माण समेत 11 बिंदुओं पर सहमति बन गई है।