देवरनिया। रविवार रात खाकी वर्दीधारी डकैतों ने दो गांवों के तीन घरों में नौ लाख रुपये की डकैती डाल दी। हथियारों के दम पर दहशत फैलाकर उन्होंने घरवालों को बंधक बना लिया। विरोध करने पर डकैतों ने महिलाओं को भी पीट दिया। जाते समय डकैतों ने फायरिंग करके ग्रामीणों में दहशत फैला दी। पीड़ितों ने मुकदमा दर्ज कराने को तहरीर दे दी है, लेकिन पुलिस ने अभी तक मुकदमा नहीं लिखा है।
रविवार रात एक बजे गुलड़िया मोहम्मद हुसैन गांव निवासी हनीफ के घर में खाकी वर्दी पहने डकैत घुस गए। पुलिस होने की बात कहकर उन्होंने दरवाजा खुलवाया। परिवारवालों को तमंचे के बल पर लेकर बंधक बना दिया। घर में रखा तीन तोला सोना, एक गले का हार, एक तोले के सोने के झाले, पांच तोला चांदी समेत 25 हजार रुपये नकद ले लिए। हनीफ की बहन नूरजहां के साथ डकैतों ने मारपीट की। इसी गांव के मास्टर शेर सिंह के घर में बदमाशों ने धावा बोल दिया। उनके कमरे में रखी आलमारी से एक लाख रुपये नकद निकाल लिए। उसकी मां तारावती ने आलमारी से पैसे निकालते डकैतों का विरोध किया तो उनकी भी पिटाई करके घायल कर दिया। शेर सिंह घर से गांव की ओर डकैतों को पकड़ो आवाज लगाता हुआ दौड़ा तो उसे गांव के एक मकान के बाहर पकड़ लिया। उसने हिम्मत जुटाकर एक डकैत को ललकार दिया। डकैतों ने तमंचे की बट मारकर उसे घायल कर दिया। डकैतों दो राउंड फायर कर दहशत फैलाते हुए वहां से फरार हो गये।
इसके बाद ठीक दो बजे खाकी वर्दी धारी डकैतों ने नैनीताल रोड के पास बसे गांव मोहनपुर के रतन लाल के घर धावा बोल दिया। मकान की दीवार कूद कर डकैत घर के अंदर दाखिल हुए। गृह स्वामी की कनपटी पर तमंचा सटाकर पूरे परिवार को बंधक बना दिया। उसके बाद संदूक में रखे दो लाख रुपये नकदी, उसके भाई सेवाराम जो कि कीटनाशक दवाई की दुकान चलाता है। उससे एक लाख रुपये नकदी , दस तोला सोना डकैतों ने अपने कब्जे में ले लिया। विरोध करने पर जान से मारने की बार बार धमकी देते रहे। बदमाश वारदात को अंजाम देते समय डकैतों ने फायरिंग कर दहशत फैला दी। आराम से वारदात को अंजाम देकर फरार हो गये। रात में ही देवरनिया एसओ अमर सिंह को डकैती की सूचना दी गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर बारीकी से छानबीन की। पीड़ित लोगों ने डकैती की रिपोर्ट दर्ज करने को पुलिस को तहरीर दी लेकिन पुलिस ने चोरी की रिपोर्ट दर्ज कर खानापूर्ति कर दी।
डकैतों के सिर पर खून सवार था
-शेर सिंह की मां तारावती बताती हैं कि डकैतों के सिर पर खून सवार था। वह बार बार बस यही कह रहे थे कि माल व पैसा कहां हैं जल्दी बताओ नही तो किसी की जान लेने से नही चूकेंगे। उनके घर से पैसा निकालने के बाद बदमाश आपस में बात कर रहे थे। इससे काम नही चलेगा माल बहुत कम है। बार बार आपस में एक दूसरे से कह रहे थे जल्दी करो दूसरी जगह भी दावत में जाना है। मौका बना हुआ है।
डकै ती को चोरी बता रही है पुलिस
पीड़ित मोहम्मद हनीफ के मुताबिक करीब डेढ़ दर्जन डकैतों ने उसके घर डाका डाला। बकायादा फायरिंग कर बेखौफ होकर बदमाश वारदात को अंजाम दे रहे थे। अब पुलिस ने उनकी चोरी की रिपोर्ट दर्ज की है।
वर्जन-
कौन कह रहा है डाका पड़ा है। सिर्फ चोरी हुई है। कहीं कोई फायरिंग नहीं हुई है। ये लोग सोते रहे होंगे चोरों ने वारदात को अंजाम दिया और निकल गये। वैसे चोरी का मामला दर्ज कर पुलिस की एक टीम चोरों को पकड़ने के लिए लगा दी है- अमर सिंह एसओ देवरनिया
----------------------------------
बदमाशों ने दो को लूटा
देवरनिया। खाकी वर्दीधारी बदमाशों ने देवरनिया कस्बे के निवासी नईम अहमद को लूट लिया। नईम कनमन अड्डे पर फल बेचने का ठेला लगाता था। रात करीब आठ बजे वह अपने घर जा रहा था। रास्ते में नैनीताल रोड पर पांच बदमाशों ने उसे पकड़ कर उसकी पिटाई करना शुरू कर दी। उसकी जेब में रखे तीन हजार रुपये लूट लिए। इसके अलावा बसुधरन जागीर निवासी इसराईल अहमद बाइक पर सवार होकर बरेली से रात नौ बजे अपने घर लौट रहा था। बसुधरन मोड़ पर करीब आधा दर्जन खाकी वर्दी धारी बदमाशों ने उसे जबरन रोक लिया। बदमाश उसकी बाइक लेकर धौरा रोड की ओर फरार हो गए। पीड़ित ने मामले की जानकारी पुलिस को दी, लेकिन अभी तक मुकदमा नहीं लिखा गया है।
-बदमाशों की तलाश करने के लिए पुलिस टीम को लगा दिया गया है। कुछ संदिग्ध लोगों के नाम भी आए हैं। जल्द ही कोई नतीजा सामने आने की उम्मीद है-बृजेश श्रीवास्तव, एसपी देहात