बरेली। सुभाषनगर थाना क्षेत्र में महिला की आत्महत्या के मामले में पति ने कार बाजार मालिक और पुलिसकर्मी समेत तीन लोगों के खिलाफ हत्या का आरोप लगाते हुए शिकायत की है। उसने एसएसपी से कार्रवाई की मांग की है।
शांति विहार निवासी रंजीत ने बताया कि उसकी पत्नी कार बाजार मालिक के उकसाने पर उसे छोड़कर कर चली गई थीं। कार बाजार मालिक ने बीडीए कॉलोनी में उसकी पत्नी को किराए पर कमरा दिलवा दिया। सोमवार को पत्नी के मकान मालिक ने रंजीत के पास कॉल की कि तुम्हारी पत्नी ने फंदा लगा लिया है। जब रंजीत पत्नी के कमरे पर पहुंचा तो देखा कि पत्नी का शव फंदे पर लटका था, लेकिन पैर फर्श से टिके थे। रंजीत को पत्नी के पास एक रिकाॅर्डिंग मिली, जिसमें वह किसी पुलिसवाले से बात कर रही थी।
पुलिस वाला रंजीत की पत्नी को रिकाॅर्डिंग करने पर धमका रहा है। रंजीत ने आशंका जताई कि कार बाजार मालिक और मकान मालिक ने पुलिसकर्मी के साथ मिलकर उसकी पत्नी की हत्या की है। रंजीत ने रिकाॅर्डिंग और फोटो भी अधिकारियों को सौंपे हैं। सुभाषनगर थाना प्रभारी अखिलेश प्रधान ने बताया कि मौत की वजह फंदे से लटकना आया है। महिला के मायके वाले उसके पति पर आरोप लगा रहे हैं।