बरेली। सप्ताह भर बाद नवरात्र और ईद का त्योहार है। उसे देखते हुए कार बाजार में तेजी आ गई है और शोरूम में भीड़ लगने लगी है। लोग अपनी पसंद की गाड़ियों की बुकिंग करवा रहे हैं और उसकी डिलीवरी वह त्योहार पर चाहते हैं। डिलीवरी के लिए एजेंसियों में तैयारी चल रही है।
खरीदारी के लिए शुभ दिन नवरात्र की शुरुआत 30 मार्च से हो रही है और नवमी छह अप्रैल को है। इसी बीच जमकर खरीदारी होगी। इसे देखते हुए खासकर कार के लिए बुकिंग हो रही है। दूसरी ओर 31 मार्च को ईद है। उस दिन डिलीवरी के कई लोगों ने कार की बुकिंग कराई है।
सेल्समैन अमित मौर्य ने बताया कि कार की खरीदारी करने आने वाले ग्राहकों के लिए लोन मददगार साबित हो रहा है। शोरूम से करीब 80 प्रतिशत कार लोन पर बिक रही है। लोन देने वाली कंपनियां आधे घंटे में ग्राहकों की सभी कागजी कार्रवाई पूरी करवा रही हैं। इस वजह से भी महंगी कारों की बिक्री में वृद्धि हुई है। मार्च के अंत तक शहर में करीब 1000 कारों की बिक्री का अनुमान है।
अप्रैल से कार निर्माता कंपनी बढ़ाने जा रही दामः एक अप्रैल के बाद कार के दामों में तीन से पांच प्रतिशत की वृद्धि हो जाएगी। मूल्य वृद्धि को देखते हुए कुछ ग्राहक पहले से ही बुकिंग करा रहे हैं। 31 मार्च को वित्तीय वर्ष की समापन हो रहा है, आयकर में छूट लेने के लिए भी कुछ ग्राहक खरीदारी कर रहे हैं। वित्तीय वर्ष के समापन को देखते हुए कई कंपनियां लुभावने ऑफर दे रही हैं। संवाद