इज्जतनगर में शुक्रवार रात एक कार से स्कूटी को टक्कर लग गई, जिससे स्कूटी कार के नीचे फंसकर करीब दो किलोमीटर तक घसीटती रही। स्कूटी सवार से गिरकर बाल-बाल बचा। राहगीरों ने घटना का वीडियो बनाया जो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया।
बरेली के इज्जतनगर इलाके में एक बेकाबू कार से शुक्रवार रात स्कूटी को टक्कर लग गई। टक्कर के बाद भी चालक ने कार नहीं रोकी और स्कूटी को करीब दो किलोमीटर तक घसीट ले गया। किसी राहगीर ने घटना का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर पोस्ट कर दिया। बाद में दोनों पक्षों के बीच समझौता हो गया। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
विज्ञापन
नार्थ सिटी निवासी अथर्व गंगवार ने बताया कि वह स्कूटी से जा रहे थे, तभी पीलीभीत बाइपास पर तेज रफ्तार कार गाय को बचाने के चक्कर में अनियंत्रित हो गई। कार से उनकी स्कूटी को टक्कर लग गई। टक्कर के बाद कार के अगले हिस्से में फंसी स्कूटी करीब दो किलोमीटर तक घिसटती रही। हालांकि अर्थव टक्कर लगते ही दूर जा गिरे थे, जिससे वह बाल-बाल बच गए।
वहां से गुजर रहे राहगीरों ने कार में फंसी स्कूटी का वीडियो बना लिया, जो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। घटना के बाद दोनों पक्ष इज्जतनगर थाने में पहुंचे, जहां उनके बीच समझौता हो गया। इज्जतनगर थाना प्रभारी के मुताबिक स्कूटी ठीक कराने और इलाज कराने की बात पर समझौता हुआ है। दोनों पक्ष ने कार्रवाई नहीं करने की बात लिखकर दी है।