अल्मोड़ा। नए साल के पहले दिन बरेली से जागेश्वर आ रही एक कार दलबैंड के पास खाई में जा गिरी। हादसे में सात लोग घायल हो गए। चार घायलों की हालत गंभीर बनी हुई है। घायलों को एंबुलेंस से बेस अस्पताल लाया गया, जहां उनका उपचार चल रहा है।
बुधवार को यूपी नंबर की अर्टिगा कार बरेली से जागेश्वर आ रही थी। सुबह करीब पांच बजे पेटसाल-बाड़ेछीना के पास दलबैंड पर कार सड़क से करीब 100 मीटर नीचे खाई में जा गिरी। लोगों ने इसकी सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलने के बाद धौलछीना थानाध्यक्ष विजय नेगी के नेतृत्व में पुलिस टीम और एसडीआरएफ घटनास्थल पर पहुंची। पुलिस और एसडीआरएफ के जवान घायल दीपक शर्मा, प्रदीप शर्मा निवासी सेक्टर 70 नोएडा, अंकित, आशु शर्मा, अमर शर्मा, सुरेश शर्मा, सुनील शर्मा निवासी बरेली को सड़क तक लेकर आए। इनमें चार लोगों की हालत काफी गंभीर थी। सभी घायलों को 108 एंबुलेंस की मदद से उपचार के लिए अल्मोड़ा मेडिकल कॉलेज के अधीन बेस अस्पताल में भर्ती कराया गया। बचाव दल में थानाध्यक्ष के साथ ही एएसआई जगदीश प्रसाद आदि शामिल थे।
जागेश्वर दर्शन से पहले ही हो गया हादसा
बरेली से चले श्रद्धालु जागेश्वर धाम पहुंच कर नए साल के पहले दिन बाबा का आशीर्वाद लेने जा रहे थे। लेकिन रास्ते में ही हादसा हो गया और उनकी जागेश्वर धाम पहुंच कर पूजा अर्चना करने की मुराद पूरी नहीं हो पाई। घायलों का कहना है कि बाबा की कृपा से उनकी जान बच गई। स्वास्थ्य ठीक होने पर वह फिर बाबा के दर्शनों को आएंगे। संवाद