बरेली। दुकान की नकदी लेकर जा रहे एक दाल व्यापारी के मुनीम से श्यामगंज चौराहे पर टप्पेबाजी कर एक युवक ने बैग से हजारों रुपये निकाल लिए। शक होने पर मुनीम ने दौड़कर युवक को पकड़ा तो उसके पास से कुछ रुपये बरामद हुए, बाकी भगदड़ में गिर गए। पुलिस ने आरोपी से पूछताछ कर वारदात में उसके साथ शामिल उसके दो साथियों को भी गिरफ्तार कर लिया। तीनों के खिलाफ बारादरी थाने में रिपोर्ट दर्ज की गई है।
बारादरी क्षेत्र में राधेश्याम कॉलोनी निवासी पंकज खंडेलवाल दाल व्यापारी हैं। श्यामगंज में उनकी दुकान है। व्यापारी ने बताया कि शनिवार शाम वह एक पिट्ठू बैग में दुकान का कुछ कैश लेकर मुनीम साहूकारा निवासी आकाश बंसल के साथ जा रहे थे। रास्ते में श्यामगंज चौराहे पर अचानक मुनीम एक युवक के पीछे भागने लगा। कुछ ही दूर गड्ढे में पैर लड़खड़ाने से आगे भाग रहा युवक गिरा तो उसे मुनीम व अन्य लोगों ने पकड़ लिया। पूछने पर मुनीम ने बताया कि उसे बैग से रुपये निकाने जाने का शक हुआ था। बैग देखा तो उसकी चेन खुली थी और करीब 15 हजार रुपये गायब थे। लेकिन पकड़ गए युवक से सिर्फ दस हजार रुपये ही बरामद हुए। करीब पांच हजार रुपये भगदड़ में कहीं गिर गए। पूछताछ में उसने अपना नाम आंवला निवासी सौरभ बताया और साथ में दो अन्य साथी होने की भी बात कही। सौरभ को बारादरी पुलिस को सौंप दिया गया। पुलिस ने मामले की जांच करते हुए सौरभ से अन्य दो साथी आंवला के ही नीरज और अतुल को भी गिरफ्तार कर लिया। बताया कि अतुल के पिता कुछ समय पहले व्यापारी की दुकान पर उड़द सप्लाई किया करते थे।