जंक्शन पर प्लेटफार्म से लेकर ट्रैक तक भीड़, चढ़ने-उतरने में घायल हो रहे यात्री
बरेली। पुलिस भर्ती परीक्षा के दूसरे दिन भी ट्रेनों और बसों में मारामारी रही। शनिवार को भी 19 हजार से ज्यादा अभ्यर्थी बसों-ट्रेनों में धक्के खाते हुए परीक्षा देने पहुंचे। कई तो पानी पीकर जमीन पर ही सो गए। दोपहर में 12 बजे पहली और शाम को पांच बजे दूसरी पाली की परीक्षा छूटने के बाद ट्रैफिक और परिवहन व्यवस्था एक बार फिर चरमरा गई। शाम को रोडवेज ने कुछ बसों के फेरों को बढ़ाया। इसके बाद अभ्यर्थियों की भीड़ कुछ छंटी। हालांकि, लंबी दूरी के अभ्यर्थियों के सामने समस्या बनी रही।
बरेली में उन्नाव, राय बरेली, सहारनपुर, मुजफ्फरनगर, लखनऊ, मेरठ, आगरा, मैनपुरी समेत पश्चिमी और पूर्वी उत्तर प्रदेश के अभ्यर्थी परीक्षा देने पहुंचे थे। इन रूटों पर बरेली, रुहेलखंड, पीलीभीत डिपो की बसों की संख्या काफी कम है। ऐसे में अभ्यर्थियों को ट्रेनों का सहारा लेना पड़ रहा है। शनिवार को रोडवेज ने इन रूटों के लिए 20 अतिरिक्त बसों को लगाया तब कुछ हालात संभले। इसके अलावा पश्चिमी और पूर्वी उत्तर प्रदेश के जिलों से आने वाली बसों के चालकों को भी सेटेलाइट और पुराने बस अड्डे पर ठहराव लेने के बाद वापस जाने के लिए कहा गया है।
इधर, रेलवे ने भी अभ्यर्थियों के दबाव को देखते हुए शनिवार से ही अतिरिक्त ट्रेनों का संचालन शुरू कर दिया। शनिवार को कुछ ट्रेनों को आधे रास्ते से चलाया गया। इससे भी कुछ सहूलियत मिली है।
20 अभ्यर्थियों की हालत बिगड़ी, हेल्थ कैंप में मिला इलाज
ट्रेनों में पहले से सीटें फुल हैं। रेलवे ने कुछ ट्रेनों में अतिरिक्त कोच लगाए हैं, लेकिन वे नाकाफी साबित हो रहे हैं। गर्मी के बीच कोचों में भारी भीड़ के कारण अभ्यर्थियों की हालत बिगड़ रही है। रेलवे अस्पताल की ओर से लगाए गए हेल्थ कैंप में शनिवार को इलाज के लिए 20 अभ्यर्थी पहुंचे। चिकित्सा अधीक्षक डॉ. प्रशांत सिंह ने बताया कि कैंप में आने वाले ज्यादातर अभ्यर्थी डिहाइड्रेशन, सिर दर्द की समस्या से परेशान थे।
ट्रैक पर निगरानी के आदेश
परीक्षा के दौरान ट्रेनों में चढ़ने और उतरने के दौरान यात्रियों के रेलवे ट्रैक पर खड़े होने की सूचनाओं के बीच रेलवे सुरक्षा आयुक्त ने निगरानी बढ़ाने के आदेश दिए हैं। स्पष्ट कहा गया है कि ट्रैक पर भीड़ जमा होने की दशा में हादसों का खतरा रहता है। ऐसे में भीड़ जमा न होने दी जाए। इसके लिए अतिरिक्त सुरक्षा बल लगाने का आदेश भी दिया गया है। संवाद