फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Bareilly News: बिजली चोरी रोकने का अभियान धड़ाम<bha>;</bha> चार उपकेंद्रों पर लाइन लॉस थमा नहीं, चार नए भी चपेट में

Sun, 25 Oct 2026 01:41 AM IST
बरेली ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, बरेली
विज्ञापन
विज्ञापन
बरेली। बिजली चोरी रोकने के लिए विद्युत निगम की ओर से चलाया जा रहा अभियान नाकाम साबित हो रहा है। आंकड़े इसकी गवाही दे रहे हैं। विद्युत निगम की ओर से लाइन लॉस वाले इलाके नए सिरे से चिह्नित किए गए तो पता लगा कि पहले से चिह्नित चार उपकेंद्रों पर बिजली चोरी थमी नहीं, अलबत्ता चार नए उपकेंद्र भी इस समस्या की चपेट में आ गए हैं। इससे निगम की कार्रवाई और लाइन लॉस कम करने की रणनीति पर सवाल खड़े हो रहे हैं।
विज्ञापन



विद्युत निगम की ओर से लाइन लॉस कम करने के लिए अभियान चलाया जा रहा है। इसके तहत संदिग्ध कनेक्शनों की जांच, बिजली चोरी पकड़ने के लिए छापेमारी और बकायेदारों के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है। इसके बावजूद महानगर उपकेंद्र से पोषित महानगर प्रथम, महानगर द्वितीय और तुलाशेरपुर फीडर पर लाइन लॉस बढ़ रहा है।
कुतुबखाना, सुभाषनगर, हरूनगला, पुराना शहर और शाहदाना उपकेंद्र से पोषित फीडरों पर भी 30 फीसदी तक लाइन लॉस बीते कई वर्षों से बरकरार है। अब किला के फूटा दरवाजा, बाजार संदल खां फीडर भी इसकी चपेट में आ गए हैं। जांच में यहां 20-25% लाइन लॉस सामने आया है।
विज्ञापन

इसलिए बढ़ता है लाइन लॉस

निगम के अधिकारियों के अनुसार, लाइन लॉस बढ़ने के पीछे बिजली चोरी सबसे प्रमुख कारण है। मीटरों में गड़बड़ी, गलत या अधूरी बिलिंग और बकायेदारों से राजस्व वसूली में कमी जैसे कारण भी हो सकते हैं। कई इलाकों में उपभोक्ताओं की वास्तविक खपत के मुकाबले कम बिलिंग होने पर भी लाइन लॉस बढ़ता है। जर्जर तारों, ढीले कनेक्शनों और ट्रांसफार्मर पर अधिक भार के कारण तकनीकी नुकसान भी होता है।


निगम ने बनाई रणनीति
अब विद्युत निगम ने नियमित निगरानी की कार्ययोजना तैयार की है। अधिक लाइन लॉस वाले फीडरों की पहचान कर वहां आपूर्ति और बिलिंग का मिलान, संदिग्ध कनेक्शनों की जांच और खराब मीटरों को बदलने समेत अन्य कार्रवाई की जाएंगी। तकनीकी नुकसान वाले क्षेत्रों में जर्जर लाइनों और ओवरलोड ट्रांसफार्मरों की समस्या दूर की जाएगी।


वर्जन
अब बिजली चोरी की रोकथाम और बकाया बिल वसूली को लेकर व्यापक अभियान चलाने की तैयारी है। जिन नए फीडरों पर लाइन लॉस बढ़ रहा है, उसकी रोकथाम के लिए भी योजना बनाई गई है। प्रवर्तन दल के साथ ही विभागीय टीमों को भी लगाया जाएगा। - ललित कुमार, अधीक्षण अभियंता शहर
-
दिवाली पर निर्बाध आपूर्ति के लिए 25 क्यूआरटी गठित
बरेली। दिवाली पर शहर की बिजली आपूर्ति बाधित न हो, इसके लिए विद्युत निगम ने उपकेंद्रों से लेकर ट्रांसफार्मरों तक की निगरानी और फॉल्ट को तत्काल दुरुस्त करने के लिए 25 क्विक रिस्पांस टीमें (क्यूआरटी) गठित की हैं। मुख्य अभियंता वितरण ने एसई शहर और एसई ग्रामीण के साथ बैठक कर निर्बाध आपूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।
अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि उपकेंद्रों से जुड़े क्षेत्रों में बिजली लाइनों, ट्रांसफार्मरों और अन्य उपकरणों की जांच कर खामियों को समय रहते दूर कर लिया जाए। ट्रांसफार्मरों के आसपास उगी झाड़ियों और जमा गंदगी को हटाया जाएगा। इससे उपकरणों के रखरखाव में आसानी होगी और खराबी की आशंका कम करने में मदद मिलेगी। अधीक्षण अभियंता ललित कुमार ने बताया कि शहर के सभी 25 उपकेंद्रों पर चार-चार कर्मचारियों की क्यूआरटी गठित की गई हैं। किसी क्षेत्र में बिजली आपूर्ति बाधित होने या तकनीकी खराबी आने पर टीम को तत्काल मौके पर भेजकर फॉल्ट ठीक कराया जाएगा।
-
इज्जतनगर उपकेंद्र से पांच घंटे होगी बिजली कटौती
बरेली। इज्जतनगर उपकेंद्र पर रविवार को मरम्मत कार्य के कारण पांच घंटे तक बिजली आपूर्ति प्रभावित रहेगी। अधिशासी अभियंता राजवीर सिंह ने बताया कि 33/11 केवी इज्जतनगर उपकेंद्र से पोषित इलाकों में सुबह 11 से शाम चार बजे तक बिजली आपूर्ति ठप रहेगी। कार्य के चलते आईवीआरआई क्षेत्र, गोपालनगर, जेल रोड की बिजली आपूर्ति पूर्ण या आंशिक रूप से बाधित रहेगी।
विज्ञापन

विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें