भाईदूज के बाद रविवार को भी सेटेलाइट और पुराने बस अड्डे पर खूब भीड़ रही। करीब-करीब हर रूट की बसें फुल चलीं। बसों की उपलब्धता भी पर्याप्त रही। वहीं, त्योहार पर बीते चार दिनों में रोडवेज ने कमाई भी खूब की।
रोडवेज के पुराने बस स्टैंड और सेटेलाइट बस स्टैंड पर रविवार को सवारियों की दिनभर भीड़ रही। हालांकि, बीच-बीच में यात्रियों को इंतजार करना पड़ा पर बसों की उपलब्धता बनी रही। लोकल की सवारियां आती रही और बसें भी मिलती रहीं। अलबत्ता राजस्थान की सवारियां शाम को बस स्टेशन इंतजार करती देखी गईं। बस आते ही लोग अंदर घुसने के लिए जद्दोजहद करते दिखे। इसके लिए थोड़ी धक्का-मुक्की भी हुई। रविवार को बरेली से चलने वाली हर रूट की बसों में यही हाल रहा। सभी बसें फुल रहीं। सबसे ज्यादा सवारियां हल्द्वानी रूट की रहीं। दिल्ली के अलावा मुरादाबाद, रामपुर और पीलीभीत की बसों में भी खूब सवारियां रहीं। प्रभारी आरएम आरबीएल शर्मा (एसएम) ने बस स्टेशनों पर पहुंचकर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
हर दिन कमाए एक करोड़
रोडवेज ने लगातार चार दिन तक एक करोड़ रुपये से ऊपर की आय कर रिकॉर्ड कायम किया है। यह बीते साल के मुकाबले पांच प्रतिशत अधिक है। बरेली डिपो की बसों ने एक लाख 6 हजार 83 किलोमीटर चलकर सर्वाधिक किलोमीटर संचालन का रिकॉर्ड भी बनाया है। स्टेशन अधीक्षक सुनील कंचन ने बताया, उम्मीद है कि रविवार को भी एक करोड़ रुपये से ज्यादा की आय होगी। उन्होंने बताया कि पड़वा छोड़कर हर दिन रोडवेज ने रिकॉर्ड कमाई की है। हर दिन एक करोड़ का आंकड़ा पार किया है। भय्या दूज पर भी करीब एक करोड़ रुपये की आय हो ही गई थी।