सीसी कैमरे का डीवीआर भी साथ ले गई टीम, परिवार ने अपहरण का लगाया आरोप, शहर के थाने में हो रही पूछताछ, पहले से बड़े व्यवसायी पर दर्ज हैं मुकदमे
भमोरा (बरेली)। देवचरा मंडी के व्यवसायी सौरभ गुप्ता को रविवार शाम शहर के एक थाने की पुलिस व एसओजी उसके धर्मकांटे से उठा लाई। धर्मकांटे से टीम सीसी कैमरे का डीवीआर भी साथ ले गई। परिवार के लोगों ने अपहरण का आरोप लगाकर भमोरा थाने में तहरीर दी। मामला स्मैक तस्करी से जुड़ा बताया जा रहा है। व्यवसायी पर पहले से इस तरह के मुकदमे दर्ज हैं।
ग्रामीणों ने बताया कि गांव देवचरा निवासी सेठ मंगूलाल गुप्ता का बेटा सौरभ गुप्ता बरेली-बदायूं रोड पर धर्मकांटा संचालित करता है। परिवार का ट्रांसपोर्ट, गल्ला व रेत, बजरी और सीमेंट का भी व्यवसाय है। रविवार शाम करीब पांच बजे दो गाड़ियों से आई पुलिस धर्मकांटा पर बैठे सौरभ गुप्ता को साथ ले गई।
कुछ देर बाद सौरभ की पत्नी शिवानी गुप्ता परिवार के लोगों के साथ भमोरा थाने पहुंचीं। उन्होंने थाना प्रभारी सनी चौधरी को तहरीर देकर पुलिस की वर्दी में आए लोगों पर पति के अपहरण का आरोप लगाया।
थाना प्रभारी ने जांच व कार्रवाई का आश्वासन देकर परिवार को भेज दिया। इधर, दो घंटे बाद परिवार को भी जानकारी हो गई कि शहर के एक थाने की पुलिस उसे स्मैक तस्करी के मामले में पकड़कर लाई है। उससे पूछताछ की जा रही है। अधिकारियों ने फिलहाल कार्रवाई की जानकारी से इन्कार किया है। संवाद