सिरौली। सड़क हादसे में घायल हुए मोहल्ला प्यास के फल व्यापारी शेर सिंह (35) की उपचार के दौरान रविवार को मौत हो गई। उनका शव सोमवार को गांव पहुंचाया गया।
परिजनों के मुताबिक, शेरसिंह फल बेचते थे। वह 13 जुलाई की सुबह 6:00 बजे बाइक से रामपुर के शाहबाद की फल मंडी में खरीदारी करने के लिए निकले थे। रम्पुरा गांव के पास सामने आ रहे ट्रैक्टर की टक्कर से टक्कर से गंभीर रूप से घायल हो गए। राहगीरों की सूचना पर गई शाहबाद पुलिस ने घायल को स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया। वहां से रामपुर रेफर कर दिया गया। हादसे की सूचना पर गईं शेरसिंह की पत्नी शीतल ने रम्पुरा (शाहबाद) निवासी ट्रैक्टर चालक हरिओम के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई थी।
वीरसिंह ने बताया कि भाई की हालत में सुधार न होने पर उनका उपचार बरेली के निजी अस्पताल में कराया गया। वहां उपचार के दौरान उन्होंने रविवार को दम तोड़ दिया। पुलिस ने शव का पोस्टमॉर्टम कराया। सोमवार को शव घर पहुंचाया गया तो चीख-पुकार मच गई। वीर सिंह ने शाहबाद पुलिस पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए आरोपी को जल्द गिरफ्तार करने की मांग की है। शेरसिंह के मासूम दो बेटे और एक बेटी की परवरिश पर संकट आ गया है। सपा नेता शादाब प्रधान और युवाजन सोशल सोसायटी के प्रदेशाध्यक्ष मोहम्मद आलम खान ने शोक व्यक्त किया है। शासन से पीड़ित परिवार को आर्थिक सहायता देने की मांग की है।
सीओ शाहबाद देवकी नंदन ने बताया कि पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट के आधार पर अग्रिम कार्रवाई की जाएगी। रिपोर्ट पहले की दर्ज करा दी गई है।