छह दिन के लिए बुक रहे शहर के 410 कमरे, 50 से अधिक कारें व बसें
बरेली। शहर में आयोजित 69वीं राष्ट्रीय वॉलीबाॅल प्रतियोगिता के दौरान होटल व ट्रैवल एजेसियों का कारोबार उछाल पर रहा। शहर में छह दिन के लिए करीब 410 कमरे बुक रहे। होटल से मैदान तक खिलाड़ियों के आने-जाने के लिए 50 से अधिक बसें व कारें बुक की गई थीं। छह दिन इससे कारोबारी खुश हैं। वॉलीबॉल प्रतियोगिता में उत्तर प्रदेश, दिल्ली, पंजाब, हरियाणा, राजस्थान, चंडीगढ़, बिहार, छत्तीसगढ़, गुजरात, झारखंड समेत अन्य राज्यों से खिलाड़ी शहर आए थे। ये खिलाड़ी 10 नवंबर को ही शहर आ गए थे। इनके रहने के लिए शहर के 27 होटलों में 410 कमरे बुक किए गए। इसमें रहने के साथ नाश्ते व खाने की व्यवस्था भी रही।
होटेलियर्स एसोसिएशन के अध्यक्ष डॉ. अनुराग सक्सेना ने बताया कि इस दौरान होटल इंडस्ट्री में करीब 50 लाख रुपये का कारोबार हुआ होगा, लेकिन आयोजकों ने संगठन से संपंर्क नहीं किया है। वहीं, खिलाड़ियों को होटल से आने-जाने के लिए 16 बसें, छह ट्रैवलर और 30 कारें लगाई गई हैं। इससे ट्रैवल एजेंसियों का करीब 10 लाख रुपये का कारोबार होगा। बताया कि सहालग का सीजन होने के चलते होटलों में पहले से ही कमरों की बुकिंग रहती है। ऐसे में खिलाड़ियों के लिए पूरे व्यवस्था करना बड़ी चुनौती थी। शहर में बढ़ते होटलों की संख्या के चलते यह मुमकिन हुआ। संवाद