बरेली। बरेली और रुहेलखंड डिपो की बसों में अब यात्री क्रेडिट-डेबिट कार्ड, गूगल पे और पेटीएम या फिर बार कोड स्कैन करके भी टिकट ले सकेंगे। इसके लिए कंडक्टरों को ईटीआईएम (इलेक्ट्रॉनिक टिकट इश्यूइंग मशीन) दी जा रही हैं। दोनों डिपो में 433 मशीनें आ चुकी हैं, जल्द ही 235 मशीनें और मिलने का दावा किया जा रहा है।
ईटीआईएम से टिकट की खरीदारी में यात्रियों को तो ज्यादा सहूलियत मिलेगी ही, कंडक्टरों को भी बार-बार हिसाब नहीं लगाना पड़ेगा। बस में झगड़े जैसी स्थिति में कंडक्टर इस मशीन से वीडियोग्राफी भी कर सकेंगे। ईटीआईएम को कंडक्टरों को आवंटित करना शुरू कर दिया गया है। क्षेत्रीय प्रबंधक आरके त्रिपाठी ने बताया मुख्यालय से आईं ये मशीनें एंड्रायड बेस्ड हैं। इनमें इंटरनेट चिप है, जिसके जरिये वे मुख्यालय और क्षेत्रीय कार्यालय के सर्वर से कनेक्ट रहेंगी।
उन्होंने बताया कि इन मशीनों के जरिए क्रेडिट-डेबिट कार्ड, पेटीएम, गूगल-पे, बार कोड से भुगतान किया जा सकेगा। कंडक्टर को भी टिकट की रकम जमा करने के लिए हिसाब-किताब नहीं लगाना पड़ेगा। ऑनलाइन भुगतान सीधे मुख्यालय और क्षेत्रीय कार्यालय के सर्वर पर पहुंचेगा। क्षेत्रीय प्रबंधक ने बताया कि कंडक्टरों को ये मशीनें प्रशिक्षण देने के बाद सौंपी जा रही हैं। जल्द ही दोनों डिपो के लिए मुख्यालय से 235 मशीनें और आएंगी।
वीडियोग्राफी भी करेगी ईटीआईएम
कंडक्टरों को दी जा रही ईटीआईएम में वीडियोग्राफी की भी सुविधा है। बस के अंदर यात्रियों के दुर्व्यवहार, झगड़े या और कोई घटना का कंडक्टर ईटीआईएम के जरिए वीडियो बनाकर हाथ के हाथ मुख्यालय भेज सकेगा। रास्ते में बस खराब होने पर भी कंडक्टर वीडियो भेजकर मुख्यालय से सहायता की मांग कर सकता है।