नवाबगंज। कस्बे में बना पुराना बस स्टैंड कंडम घोषित होने के बाद नया स्टैंड बनाने की कवायद परवान नहीं चढ़ पाई है। जमीन न मिलने की वजह से यह प्रोजेक्ट फाइलों से आगे ही नहीं बढ़ पा रहा। हर रोज बड़ी संख्या में कस्बे के लोग परेशान होते हैं। बस पकड़ने के लिए बाईपास मार्ग तक जाना मजबूरी है।
देखरेख के अभाव में पुराना भवन पूरी तरह से जर्जर हो चुका है। यहां जुआरियों और शराबियों ने अपना अड्डा बना लिया है। बेशकीमती जमीन पर कब्जे की भी कोशिशें हो रही हैं। कई सरकारें बदलने के बाद भी बस अड्डे के जीर्णोंद्धार की उम्मीदें पूरी नहीं हुई हैं। कस्बे के बीचो-बीच बने इस बस अड्डे पर वर्ष 1989 में रोडवेज कर्मियों का एक व्यापारी नेता से विवाद हो गया था।
नाराज लोगों ने जाम लगा दिया। प्रदर्शन की आड़ में कुछ शरारती तत्वों ने जमकर उत्पात मचाया। बसों में तोड़फोड़ करने के साथ ही महिलाओं से भी अभद्रता की। बवाल के दौरान एक शिशु की मौत हो गई थी। परिवहन निगम ने 60 से 70 लोगो के खिलाफ रिपोर्ट भी दर्ज कराई थी।
इस घटना के बाद नाराज चालकों ने बस स्टैंड तक बसें लाना बंद कर दिया। कस्बे से गुजरने वाली बसें बाईपास मार्ग पर ही चंद मिनट का ठहराव लेकर आगे बढ़ जाती हैं। इससे सबसे अधिक परेशानी बरेली और पीलीभीत जाने वाले विद्यार्थियों को होती है। उत्तराखंड की ज्यादातर बसें रुकती ही नहीं।
कई लोग पुरानी जगह पर नया भवन बनाने की मांग कर रहे हैं। मगर बस स्टैंड तक जाने वाले मार्ग संकरा होने की वजह से ऐसा होना संभव नहीं है। रास्ता संकरा होने की वजह से यहां दिनभर जाम के हालात रहते हैं।
विधानसभा में भी उठ चुका मुद्दा
पूर्व विधायक केसर सिंह गंगवार ने यह मुद्दा सदन में भी उठाया। विधायक की पैरवी के बाद दूसरी जगह भूमि की तलाश भी शुरू हुई मगर कवायद परवान नहीं चढ़ पाई। मौजूदा विधायक डॉ. एमपी आर्य ने परिवहन विभाग के मंत्री और विभागीय अधिकारियों को पत्र लिखकर बस स्टैंड का संचालन शुरू कराने की मांग की थी। इसके बाद एसडीएम और सीओ आवास के पास खाली पड़ी जगह पर बस स्टैंड बनवाने का प्रस्ताव बनाकर भेजा गया था।
बातचीत:
कस्बे के अंदर बसें न आने से परेशानी होती है। हाईवे तक निजी वाहन से जाने में समय लगता है। इस वजह से कई बार कॉलेज देरी से पहुंच पाते हैं। - साक्षी, छात्रा
बसें हाईवे तक आने से सामान लाने और ले जाने में दिक्कतें आती हैं। बस स्टैंड शुरू कराने के लिए लंबे समय से मांग कर रहे मगर सुनवाई नहीं हुई। - आशीष गुप्ता, व्यापारी
पुराना बस स्टैंड जर्जर हो चुका है। यहां से बसों का संचालन नहीं हो सकता। नई जगह पर बस स्टैंड बनवाने के लिए प्रयास किए जा रहे हैं। पटेल चौक के पास भूमि चिह्नित की गई है। अधिकारियों ने निरीक्षण भी किया। सब कुछ ठीक रहा तो जल्द ही काम शुरू हो जाएगा। - डॉ. एमपी आर्य, विधायक
वर्जन:
मौजूदा बस अड्डा कंडम घोषित किया जा चुका है। हालांकि, बसें कस्बे में ठहराव ले रही हैं। बस स्टैंड निर्माण के लिए जगह तलाशी जा रही है। जगह चिह्नित होते ही काम शुरू करा दिया जाएगा। - दीपक चौधरी, आरएम