फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

लुधियाना से बहराइच जा रही बस अगवा की, घंटे भर दहशत में डूबे रहे 90 यात्री

विज्ञापन
मामले की जानकारी देते बस चालक और परिचालक। - फोटो : अमर उजाला ब्यूरो, बरेली
विज्ञापन

अवैध बसों के संचालकों के विवाद में हुई घटना, पुलिस ने घेरा तो रास्ते में छोड़कर भागे
विज्ञापन

बस के ड्राइवर-कंडक्टर को पीटकर रास्ते में उतारा, फिर सड़क पर इधर-उधर घुमाते रहे

हाफिजगंज (बरेली)। कई राज्यों के बड़े शहरों के बीच अवैध बसों का संचालन करने वालों के बीच आपसी प्रतिद्वंद्विता के चलते रविवार रात दिल्ली रोड पर फतेहगंज पश्चिमी में लुधियाना से बहराइच जा रही निजी बस को उसमें बैठे 90 यात्रियों समेत अगवा कर लिया गया। यात्रियों के मुताबिक बस में सवारियां बनकर घुसे पांच लोगों ने उसके ड्राइवर-कंडक्टर को बुरी तरह पीटकर रास्ते में ही उतार दिया और फिर करीब एक घंटे तक बस इधर से उधर घुमाते रहे। बस के कंडक्टर से सूचना मिलने के बाद पुलिस सक्रिय हुई तो बस को पीलीभीत रोड पर रिठौरा के पास छोड़ दिया गया। पुलिस ने इस मामले में फिलहाल एफआईआर दर्ज नहीं की है।
एक निजी ट्रैवल कंपनी की बस अवैध रूप से सप्ताह में दो दिन लुधियाना से बहराइच के बीच चलाई जाती है। रविवार रात करीब एक बजे दिल्ली की ओर से आई यह बस फतेहगंज पश्चिमी टोल प्लाजा पर पहुंची तो पांच लोग उसमें सवार हो गए। कुछ ही आगे जाकर उन्होंने ड्राइवर को धमकी देकर बस को रास्ते में ही रुकवा लिया और फिर ड्राइवर-कंडक्टर दोनों की बेरहमी से पिटाई की। मारपीट के बाद दोनों को वहीं रास्ते में छोड़कर बस लेकर आगे निकल गए। यात्रियों के मुताबिक बस अगवा करने वाले पांचों लोगों के पास कोई हथियार तो नहीं दिखा लेकिन वे जिस तरह आक्रामक थे, उससे सारे यात्रियों में बुरी तरह दहशत फैल गई। कोई यह पूछने तक की हिम्मत नहीं जुटा सका कि बस को वे कहां ले जा रहे हैं। बस को लेकर वे लोग पीलीभीत रोड की ओर मुड़ गए।
विज्ञापन

इसी बीच पीटकर रास्ते में उतारे गए कंडक्टर पंकज तिवारी ने सवारियों समेत बस को अगवा किए जाने की सूचना दी तो पुलिस महकमे में नीचे से ऊपर तक हड़कंप मच गया। कंट्रोल रूम के निर्देश पर जिले भर के थानों की पुलिस अपने इलाकों में नाकाबंदी कर बस की तलाश में जुट गई। इसी बीच पुलिस को पता चला कि अगवा की गई बस पीलीभीत रोड पर आ रही है तो हाफिजगंज इंस्पेक्टर महेंद्र सिंह यादव फोर्स के साथ खुद रिठौरा में बैरियर लगाकर खड़े हो गए।
पुलिस के मुताबिक, बस अगवा करने वालों ने खुद को घिरता देखकर रात करीब दो बजे बस को पुलिस बैरियर से पहले रिठौरा पुलिया पर ही छोड़ दिया और भाग निकले। कुछ ही देर बाद बस ड्राइवर बहराइच के थाना दरगाह शरीफ के बख्शीपुरा इलाके के निवासी कमलेश कुमार और कंडक्टर गोंडा के कोतवाली देहात के दूरगढ़वा इलाके के पंकज तिवारी भी मौके पर पहुंच गए। उन्होंने पुलिस को बताया कि बस अगवा करने वालों का कहना था कि इस रूट पर उनकी बसें चलती हैं लिहाजा बाहर की कोई बस नहीं चलने दी जाएगी।
विज्ञापन

हाफिजगंज पुलिस बस को थाने ले आई। पूछताछ करने के बाद पूरे घटनाक्रम की जानकारी अधिकारियों को दी गई। बस में सवार पांच महिलाओं और दस बच्चों समेत सभी यात्री बुरी तरह सहमे हुए थे जिन्हें पुलिस ने बस को ड्राइवर-कंडक्टर के सुपुर्द कर बहराइच के लिए रवाना कराया। इंस्पेक्टर ने बताया कि अभी पुलिस को किसी ने तहरीर नहीं दी है।

बस को अगवा नहीं किया गया था। यह दो बस वालों के बीच का विवाद था जिसमें एक बस के स्टाफ ने यह हरकत की। पुलिस को देखकर वे फरार हो गए। सभी मुसाफिरों को सुरक्षित उनके घर भिजवा दिया है। अगर कोई लिखित शिकायत करेगा तो पुलिस आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई करेगी। - डॉ. संसार सिंह, एसपी देहात

विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें