बरेली। शार्टसर्किट से लगी आग में साड़ी शोरूम जल गया। बड़ा बाजार में लगी इस आग से अफरातफरी मच गई और जाम लग गया। आसपास के लोगों की मदद से फायरब्रिगेड ने मौके पर पहुंचकर आग को बुझाया। आग में लाखों रुपये का नुकसान होना बताया जा रहा है।
शहर के हार्टमैन के पास रहने वाले गगन कुमार का बड़ा बाजार में साड़ी गगन के नाम से शोरूम है। शुक्रवार रात नौ बजे जैसे ही गगन दुकान बंद करके घर गए तो उसमें शार्टसर्किट से आग लग गई। अंदर ही अंदर सुलगी आग ने भयंकर रूप धारण कर लिया और लपटे उठने के कारण धुआं बाहर निकला तो इधर से गुजरने वाले लोगों ने शोर मचाया। इस पर दुकान खोली गई तो अंदर भयंकर आग जल रही थी और उसमें रखीं कीमती साड़ियां जल रही थीं। आसपास के लोगों ने अग्निशमन यंत्रों से आग बुझाना शुरू किया। वहीं फायरब्रिगेड भी पहुंच गई आग को करीब एक घंटे की मशक्कत कर बुझाया गया। अधजले गद्दे आदि बाहर निकाल कर फेंके गए और कुछ बची हुई साड़ियां निकालकर बराबर वाली दुकान में रखी गईं। आग में लाखों रुपये का नुकसान बताया गया है। दुकानदार ने बताया कि वह क्षति का आंकलन कर रहा है। आग बुझने के बाद फायरब्रिगेड और पुलिस की गाड़ी सड़क से हटी और जाम खुल गया तो लोगों ने राहत की सांस ली।