बहेड़ी (बरेली)। देवरनिया क्षेत्र में घर में अकेली किशोरी की आग से झुलसने के बाद अलीगढ़ के अस्पताल में मौत हो गई। उसके पिता पोस्टमाॅर्टम के बाद शव लेकर आए। उन्होंने आरोप लगाया कि मोबाइल फोन दुकानदार बंटी बाबू ने उनकी बेटी से दुष्कर्म किया था। बदनामी के डर से उनकी बेटी ने खुद को आग लगाकर जान दे दी। पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर ली, हालांकि इसे प्रेम प्रसंग का मामला मानकर जांच की जा रही है।
17 साल की किशोरी के पिता ने पुलिस को बताया कि चार दिन पहले वह खरीदारी करने के लिए बाजार गए थे। उनकी बेटी घर पर अकेली थी। इस दौरान सेमीखेड़ा निवासी आरोपी बंटी बाबू घर में घुस गया। आरोपी ने किशोरी के साथ दुष्कर्म किया और धमकी देकर वहां से भाग गया। घटना के बाद सहमी हुई किशोरी ने बदनामी के डर से शरीर पर ज्वलनशील तेल छिड़क लिया और खुद को आग लगा ली। घर लौटने पर परिजन उसे तुरंत अस्पताल ले गए। हालत गंभीर होने पर उसे बरेली जिला अस्पताल रेफर किया गया। वहां से उसे अलीगढ़ मेडिकल कॉलेज ले जाने की सलाह दी गई थी।
अलीगढ़ में उपचार के दौरान किशोरी ने शुक्रवार को दम तोड़ दिया। सूचना मिलने पर अलीगढ़ पुलिस ने शव का पोस्टमॉर्टम कराया है। वह 95 फीसदी तक जल चुकी थी। देवरनिया पुलिस के मुताबिक, रविवार को मिली तहरीर के आधार पर बंटी बाबू के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है।
प्रेम प्रसंग में खुदकुशी की चर्चा
पुलिस टीम ने घटनास्थल पर पहुंचकर परिजन और ग्रामीणों से पूछताछ की। वहां पता लगा कि युवती के घर के बाहरी हिस्से में दुकानें बनी हैं। इनमें से एक में बंटी मोबाइल शॉप चलाता था। किशोरी से उसका प्रेम प्रसंग था। घरवालों को जानकारी हुई तो उन्होंने किशोरी पर बंदिशें लगा दी थीं। चर्चा ये भी है कि बंटी के परिवार ने उसकी शादी कहीं और तय कर दी थी। इसकी जानकारी किशोरी को हुई तो उसने अपनी जान देने का फैसला कर लिया।
किशोरी के पिता की तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज करा दी गई है। हालांकि, प्राथमिक जांच में कहानी कुछ और निकल रही है। पुलिस टीम आरोपी की तलाश कर रही है। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट और जांच में सामने आने वाले साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। - संतोष कुमार, एसपी उत्तरी