बरेली। सुभाषनगर थाना क्षेत्र के गांव सनइया धनसिंह निवासी रोहित (23) की संदिग्ध परिस्थितियों में घर के अंदर ही गोली लगने से मौत हो गई थी। परिजन इसे आत्महत्या का मामला बता रहे हैं पर वजह नहीं स्पष्ट कर रहे हैं। इधर, पुलिस ने तमंचा बरामद कर लिया है।
पोस्टमॉर्टम हाउस पर रोहित के भाई अभिषेक ने बताया कि मंगलवार शाम सात बजे रोहित घर आए तो सीधे छत पर बने अपने कमरे में चले गए। मां माला देवी ने खाना खाने के लिए बुलाया तो उसने थोड़ी देर में आने की बात कही। इसके 10 मिनट बाद छत से फायरिंग जैसी आवाज आई। अभिषेक छत पर पहुंचे तो वहां रोहित का खून से लथपथ शव पड़ा था। परिजनों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची। शव का पोस्टमॉर्टम कराया गया। पुलिस ने पूछताछ की पर वजह को लेकर परिजन खामोश रहे। परिजनों के मुताबिक रोहित ई-रिक्शा चलाते थे। कभी-कभार प्राइवेट टैक्सी भी चला लेते थे। इंस्पेक्टर सतीश कुमार राय ने बताया कि शव के पास पड़ा तमंचा बरामद कर लिया है। पुलिस जरूरी कार्रवाई करेगी।