दस बीघे में बन रही थी अवैध कॉलोनी, बीडीए ने की कार्रवाई
बरेली। विकास प्राधिकरण ने बुधवार को बड़ा बाईपास पर बिना नक्शा पास कराए दस बीघे में बनाई जा रही अवैध कॉलोनी पर बुलडोजर चला दिया। इस दौरान वहां कॉलोनाइजर का ऑफिस समेत अन्य निर्माण ध्वस्त किए गए।
बीडीए वीसी जोगिंदर सिंह ने बताया कि बड़ा बाईपास पर दस बीघा जमीन पर बिना नक्शा पास कराए अवैध कालोनी का निर्माण किया जा रहा था। इसकी जानकारी होने पर कॉलोनाइजर को नोटिस दिया गया। मगर कॉलोनाइजर ने नोटिस का कोई जवाब नहीं दिया। इस पर बुधवार को वहां पहुंची बीडीए की टीम ने निर्माणाधीन कालोनी में बने कार्यालय को ध्वस्त कर दिया। साथ ही भवन बनाने के लिए वहां नींव संबंधी जो भी निर्माण कराए गए थे, उन्हें भी तोड़ दिया गया है। उन्होंने बताया कि कॉलोनाइजर को कंपाउंडिंग कराने के निर्देश दिए गए हैं। कंपाउंडिंग नहीं कराने पर मुकदमा दर्ज कराया जाएगा।