बरेली। संरक्षित पशुओं की हत्या करके निहारी और पाया बेचने और करोड़ों की संपत्ति बनाने वाले जुबैर उर्फ पाया के होटल व घर पर शुक्रवार को भी बुलडोजर चला। पुलिस-पीएसी की मौजूदगी में बीडीए की टीम ने ग्राइंडर से इमारत की दीवारों को उधेड़ दिया।
यह वही तीन मंजिला मकान है, जिस पर बुधवार को बीडीए और पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई की थी। तब बुलडोजर ने मकान को क्षतिग्रस्त कर छोड़ दिया था। अब शुक्रवार दोपहर मकान की छत काटी गई ताकि भवन का कोई उपयोग न किया जा सके।
बीडीए के संयुक्त सचिव दीपक कुमार ने बताया कि मानचित्र स्वीकृत कराए बिना अवैध निर्माण किया गया था, इसलिए कार्रवाई की गई है। उन्होंने बताया कि मकान के चारों ओर दूसरे लोगों मकान बने हैं। इसलिए जुबैर के मकान को एक साथ पूरी तरह से ध्वस्त नहीं जा सका। अलबत्ता मकान की छतों को काट दिया गया, इससे यह मकान अब किसी के काम का नहीं रहा है। ब्यूरो